तिरुवनंतपुरम, 12 अक्टूबर (भाषा) केरलम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन की यात्रा के दौरान उनके सुरक्षा काफिलों से जुड़ी घटनाओं और विरोध प्रदर्शनों पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने सोमवार को चिंता जताई। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसी घटनाओं से केंद्र और राज्य के संबंधों पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
चंद्रशेखर ने फेसबुक पर एक पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हालिया तमिलनाडु दौरे की तस्वीरें साझा कीं, जिनमें राज्य के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय उनका स्वागत करते नजर आ रहे हैं।
उन्होंने हाल ही में शाह के कोल्लम दौरे के दौरान युवा कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन और केरलम दौरे पर उपराष्ट्रपति के काफिले के करीब मोटरसाइकिल सवार दो युवकों के पहुंचने की घटना का जिक्र किया।
चंद्रशेखर ने इन घटनाओं को ‘‘संकीर्ण राजनीतिक नौटंकी’’ करार देते हुए कहा कि इनके गंभीर परिणाम हो सकते हैं या कम से कम इससे यह धारणा बन सकती है कि केंद्र और राज्य के बीच संबंध तनावपूर्ण हैं।
उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि इन घटनाओं का असर केरलम में निवेश और रोजगार के अवसरों पर पड़ सकता है।
उन्होंने कहा, “इस तरह की घटिया राजनीति का खामियाजा नेताओं को नहीं, बल्कि उन आम मलयाली लोगों को भुगतना पड़ता है, जो रोजगार और विकास की उम्मीद लगाए बैठे हैं।”
चंद्रशेखर ने कहा कि इन घटनाओं के परिणाम नेताओं को नहीं भुगतने पड़ेंगे, बल्कि विकास की उम्मीद लगाए बैठे आम लोगों को बार-बार मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस की “झूठ की राजनीति” के कारण बेरोजगारी, महंगाई और विकास की कमी जैसी समस्याएं जारी रहेंगी। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के पिछले 10 साल के शासन के दौरान केरलम को इन समस्याओं का सामना करना पड़ा था।
शाह के खिलाफ युवा कांग्रेस के प्रदर्शन के जवाब में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने केरलम में कई जगहों पर राज्य के मंत्रियों को रोककर प्रदर्शन किया था।
भाषा तान्या वैभव
वैभव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.