लखनऊ, 13 नवंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि हम जिस भी क्षेत्र में काम कर रहे हैं, उसमें अपनी विरासत का संरक्षण विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने का एक माध्यम है।
मुख्यमंत्री यहां उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी की स्थापना के 63 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित ‘धरोहर’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा, “हम जिस भी क्षेत्र में काम कर रहे हैं, उसमें अपनी विरासत का संरक्षण विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने का एक माध्यम बनता है।”
मुख्यमंत्री ने संगीत अकादमी के अपने पिछले दौरे को याद करते हुए कहा, “पिछली बार जब मैं यहां आया था, तब भी मैंने कहा था कि अगर हम लुप्तप्राय वाद्य यंत्रों को संरक्षित कर सकें तो यह कला जगत और आने वाली पीढ़ी के लिए बड़ा उपकार होगा।”
उन्होंने वाद्य यंत्रों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि नवोदित कलाकारों ने लुप्तप्राय वाद्य यंत्रों की बेहतरीन प्रस्तुति दी है।
योगी ने कहा कि भारत में संगीत केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं रहा है बल्कि भारतीय मनीषा ने इसे आत्मा की अभिव्यक्ति और परमात्मा की आराधना का मार्ग भी माना है।
उन्होंने कहा, “हमारे यहां साधना का सबसे प्रमुख महामंत्र ‘ओंकार’ से शुरू होता है। यह ‘नाद’ की ध्वनि का एक सशक्त माध्यम भी है और यहीं से संगीत की धारा आगे बढ़ती है।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान शिव की आराधना के दौरान उनके हाथ में मौजूद डमरू से 14 माहेश्वर सूत्र निकले।
उन्होंने कहा, “ भगवान शिव ने भी संगीत को अपने साथ जोड़ा है। इन्हीं सूत्रों से वर्णमाला और भाषा की उत्पत्ति मानी जाती है, जबकि संगीत के सात सुरों की उत्पत्ति को भी इससे जोड़ा जाता है।”
योगी ने कहा, “आप उत्तर या दक्षिण में कहीं भी जाएंगे, संस्कृत हो या तमिल, दोनों की मान्यता है कि इनकी उत्पत्ति के स्रोत शिव हैं। दोनों को शिव से जोड़कर देखा जाता है। शिव को लोकमंगल के देवता के रूप में माना गया है।’’
भाषा आनन्द जितेंद्र
जितेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.