scorecardresearch
Wednesday, 9 September, 2026
होमदेशदिल्ली के रोहिणी में हिमांशु भाऊ गिरोह से पुलिस की मुठभेड़, दो शूटर घायल

दिल्ली के रोहिणी में हिमांशु भाऊ गिरोह से पुलिस की मुठभेड़, दो शूटर घायल

Text Size:

नयी दिल्ली, नौ सितंबर (भाषा) दिल्ली के रोहिणी इलाके में मंगलवार रात पुलिस के साथ मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी हिमांशु भाऊ गिरोह के दो संदिग्ध शूटर घायल हो गए, जिसके बाद एक किशोर समेत तीन संदिग्धों को पकड़ लिया गया। पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी।

सूत्रों ने बताया कि आरोपी नरेला में प्रमोद नामक प्रॉपर्टी डीलर की हत्या में कथित तौर पर संलिप्त थे।

उन्होंने बताया कि हत्या के बाद पुलिस टीम संदिग्धों का सुराग लगाने में जुटी थीं।

सूत्रों ने बताया कि रोहिणी जिला पुलिस के ‘विशेष स्टाफ’ की टीम ने उनकी मौजूदगी की सटीक सूचना के आधार पर रोहिणी में जाल बिछाया।

उन्होंने बताया कि टीम ने जब संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया तो मुठभेड़ शुरू हो गई।

सूत्रों के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान दोनों तरफ से 10 से ज्यादा गोलियां चलीं।

एक सूत्र ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘दो आरोपियों के पैरों में गोली लगी है जिनकी पहचान दीपक पहलवान और नितिक के रूप में हुई है और उन्हें अस्पताल ले जाया गया। गिरोह से जुड़े एक किशोर को भी पकड़ा गया है।’’

पुलिस ने बताया कि संदेह है कि रंगदारी नहीं दिए जाने पर प्रॉपर्टी डीलर की हत्या की गई।

उन्होंने बताया कि हत्या की वजह का पता लगाने, इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान करने तथा भाऊ के साथ इसके कथित संबंधों की जांच जारी है।

भाषा खारी वैभव

वैभव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments