scorecardresearch
Thursday, 28 May, 2026
होमदेशप्रधानमंत्री मोदी ने एनटी रामाराव की 103वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी

प्रधानमंत्री मोदी ने एनटी रामाराव की 103वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी

Text Size:

नयी दिल्ली, 28 मई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के संस्थापक और आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एन टी रामाराव की 103वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि जनकल्याण तथा सुशासन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ने गरीबों और वंचितों को सम्मान दिलाया।

अभिनेता से नेता बने एनटी रामाराव का जन्म 28 मई 1923 को हुआ था। वह एनटीआर के नाम से लोकप्रिय हुए। उनका निधन 18 जनवरी 1996 को 72 वर्ष की आयु में हुआ था।

मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘महान एनटीआर गारू को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि। जनकल्याण और सुशासन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के लिए उन्हें स्नेहपूर्वक याद किया जाता है, जिसने गरीबों और वंचितों को सम्मान दिलाया।’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि सिनेमा में एनटीआर का योगदान आज भी पीढ़ियों को आकर्षित करता है।

उन्होंने कहा, ‘‘उनका जीवन और आदर्श अपार प्रेरणा का स्रोत बने हुए हैं। आंध्र प्रदेश में राजग सरकार, मेरे मित्र एन. चंद्रबाबू नायडू जी के नेतृत्व में उन आकांक्षाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है जिन्हें उन्होंने जनता के लिए संजोया था।’’

एनटीआर ने 1982 में तेलुगु देशम पार्टी की स्थापना की थी और अविभाजित आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में तीन कार्यकाल पूरे किए थे। उन्होंने लगभग 300 फिल्मों में अभिनय किया और तेलुगु सिनेमा में सुपरस्टार बने।

वर्तमान में तेदेपा का नेतृत्व आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू कर रहे हैं। लोकसभा में 16 सांसदों के साथ तेदेपा केंद्र में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का एक प्रमुख सहयोगी दल है।

भाषा गोला रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments