scorecardresearch
Friday, 14 August, 2026
होमदेशविभाजन के बाद बिजनौर आकर रह रहे लोगों को नागरिकता, जमीन के दस्तावेज दिए: मुख्यमंत्री योगी

विभाजन के बाद बिजनौर आकर रह रहे लोगों को नागरिकता, जमीन के दस्तावेज दिए: मुख्यमंत्री योगी

Text Size:

लखनऊ, 14 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि विभाजन के बाद पाकिस्तान से आकर बिजनौर में बसे लोगों को नागरिकता और जमीन के दस्तावेज दिए गए हैं।

योगी ने लखनऊ में विभाजन विभीषिका पर आयोजित एक कार्यक्रम में कहा, “जब मैं बिजनौर गया तो वहां ऐसे करीब 8,000 से 10,000 लोग थे, जिन्हें पाकिस्तान से विस्थापित किया गया था। कल्पना कीजिए कि वे 1947 में पाकिस्तान से आए थे, लेकिन उन्हें अपना घर कहने के लिए स्थायी जगह तक नहीं मिली थी।”

उन्होंने कहा, “इनमें सिख और पंजाबी लोग शामिल थे। भाजपा सरकार ने उन्हें नागरिकता दी और जमीन के दस्तावेज उपलब्ध कराए। मैं पीलीभीत भी गया, जहां हमने बांग्लादेश से विस्थापित हजारों परिवारों के दस्तावेज नियमित किए, उन्हें जमीन के कागजात उपलब्ध कराए और उनके लिए नागरिकता की भी व्यवस्था की।” मुख्यमंत्री ने कहा कि बांग्लादेश से विस्थापित सताए गए हिंदुओं और बौद्धों को लखीमपुर खीरी में नागरिकता दी गई है।

उन्होंने कहा कि रामपुर में पाकिस्तान से विस्थापित सिख परिवार हैं, जिनके दस्तावेज दुरुस्त किए जा रहे हैं और उन्हें नागरिकता देने की प्रक्रिया जारी है।

योगी ने कहा कि वास्तव में देश का विभाजन नहीं होना चाहिए था लेकिन जब यह त्रासदी हुई तो विस्थापित लोगों को नागरिकता और पट्टे पर जमीन देने की जिम्मेदारी कांग्रेस की थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस को यहां उतनी ही संपत्ति आवंटित करनी चाहिए थी, जितनी संपत्ति वहां नष्ट या जब्त की गई थी इसके बजाय, वह शत्रु संपत्ति पर कब्जा करने या उसे बचाने में लगी रही।

भाषा राजेंद्र जोहेब जितेंद्र

जितेंद्र

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments