मुंबई, 30 अक्टूबर (भाषा) अभिनेत्री श्रद्धा कपूर ने शुक्रवार को कहा कि वह हमेशा अच्छी कहानियों की तलाश में रहती हैं और यही वजह है कि कभी-कभी वह दो साल में एक फिल्म करती हैं। श्रद्धा, लक्ष्मण उतेकर की फिल्म ‘ईठा’ में एक मशहूर मराठी तमाशा और लावणी कलाकार की भूमिका निभा रही हैं।
अभिनेत्री ने बताया कि ‘‘ईठा’’ ने उन्हें अपनी मां की तरफ से अपनी महाराष्ट्रीयन जड़ों से जुड़ने में भी मदद की। श्रद्धा, शक्ति कपूर और शिवांगी कोल्हापुरे की बेटी हैं। अभिनेत्रियां -पद्मिनी और तेजस्विनी कोल्हापुरे- उनकी मौसियां हैं।
फिल्म ‘स्त्री’ और ‘स्त्री 2’ की बड़ी सफलता के बाद श्रद्धा इस फिल्म के लिए एक बार फिर निर्माता दिनेश विजान के साथ काम कर रही हैं।
श्रद्धा ने यहां फिल्म के ट्रेलर जारी किए जाने के मौके पर कहा, ‘मुझे कभी ऐसा नहीं लगता कि मैंने कोई रिकॉर्ड तोड़ा है या बॉक्स ऑफिस पर कुछ हासिल किया है। मैंने ऐसा कुछ नहीं किया है। मेरे लिए यह मायने रखता है कि फिल्म अच्छी हो। यही वजह है कि कभी-कभी मैं दो साल में एक फिल्म करती हूं।’
उन्होंने कहा, ‘मैं महिला प्रधान या पुरुष प्रधान फिल्मों के नजरिये से नहीं सोचती। हमारे उद्योग को अच्छी कहानियों की जरूरत है और ऐसी कहानियां बनाई जानी चाहिए। मेरी नजर में यह (फिल्मों को लिंग के आधार पर बांटना) सीमित सोच है। किसी फिल्म की सफलता महज संयोग होती है और यह किसी के हाथ में नहीं होती। मैं ‘ईठा’ का हिस्सा बनकर खुश और गौरवान्वित हूं।’
यह संगीतमय फिल्म महाराष्ट्र की पारंपरिक तमाशा और लावणी नृत्य शैलियों पर आधारित है और विठाबाई नारायणगांवकर के जीवन से प्रेरित है। ‘ईठा’ एक ऐसी महिला की कहानी बयां करती है, जिसने रूढ़ियों को तोड़ा और विपरीत परिस्थितियों का सामना करते हुए इतिहास में अपनी एक अविस्मरणीय जगह बनाई।
अभिनेत्री ने पारंपरिक नृत्य शैली की बारीकियां सीखने में मदद करने का श्रेय निर्देशक उतेकर को दिया।
उतेकर ने बताया कि श्रद्धा को लावणी नृत्य की भाव-भंगिमाएं, कला और बारीकियां समझाने के लिए वरिष्ठ लावणी कलाकार शकुंतला नागरकर के साथ एक सप्ताह की कार्यशाला आयोजित की गई थी।
निर्देशक ने कहा कि यह फिल्म केवल दिग्गज तमाशा कलाकार विठाबाई की जीवनी नहीं है, बल्कि यह सभी लोक कलाकारों के संघर्ष और सफर को दर्शाती है। उन्होंने बताया कि यह फिल्म योगीराज बागुल की लिखी पुस्तक ‘तमाशा विठाबाई चा आयुष्याचा’ से प्रेरित है।
निर्माता दिनेश विजान ने किरदार के प्रति श्रद्धा के समर्पण की तारीफ की और कहा कि उन्हें विश्वास है कि यह फिल्म एक कलाकार के रूप में उनके लिए एक नए दौर की शुरुआत करेगी।
उन्होंने यह भी बताया कि फिल्म में रणदीप हुड्डा एक पहलवान की भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने उनके किरदार को बेहद आकर्षक बताया।
विजान ने कहा, ‘रणदीप हुड्डा फिल्म में एक पहलवान की भूमिका निभा रहे हैं और वह बेहद आकर्षक पहलवान हैं। पहली बार रणदीप को इस तरह की आकर्षक भूमिका में देखा जाएगा।’
भाषा शुभम सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.