scorecardresearch
Tuesday, 3 November, 2026
होमदेशविपक्ष का 'सत्ता परिवर्तन' का सपना कभी पूरा नहीं होगा: विहिप

विपक्ष का ‘सत्ता परिवर्तन’ का सपना कभी पूरा नहीं होगा: विहिप

Text Size:

नयी दिल्ली, तीन नवंबर (भाषा) विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के संयुक्त महामंत्री सुरेंद्र जैन ने मंगलवार को कहा कि भारत में सत्ता परिवर्तन करने का विपक्ष का ‘‘सपना’’ कभी पूरा नहीं होगा तथा विपक्षी दलों पर आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक तरीकों से सरकार बदलने में नाकाम रहने के बाद वे अब ‘‘अराजकता’’ पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।

जैन ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘भारत इसका बेहतरीन उदाहरण पेश करता है कि लोकतांत्रिक तरीकों से सत्ता परिवर्तन कितनी सुगमता से हो सकता है। चुनाव होते हैं और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के जरिए सरकारें बदलती हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इस देश के लोगों ने उन्हें भी सत्ता से हटा दिया है, जो खुद को सर्वोच्च और ताकतवर शासक मानते थे। लेकिन जो कोई भी भारत में बांग्लादेश या नेपाल जैसी स्थिति दोहराने या यहां अराजकता फैलाने का सपना देख रहा है, वह बस ख्याली दुनिया में जी रहा है। उन्हें ऐसे सपने देखना बंद कर देना चाहिए।’’

जैन ने यह भी दावा किया कि लोगों ने अशांति फैलाने की कोशिश करने वालों की पहचान कर ली है और उन्हें सबक सिखा रहे हैं, यही वजह है कि ‘‘ऐसे तत्व देश के राजनीतिक मंच पर कहीं नजर नहीं आते।’’

उन्होंने कहा, ‘‘उनका भविष्य अंधकारमय है। वे जानते हैं कि वे वोट के जरिए सरकार में बदलाव नहीं ला सकते। इसलिए वे अराजकता फैलाना चाहते हैं, जैसा कि बांग्लादेश और अन्य देशों में हुआ। लेकिन भारत में ऐसा संभव नहीं है। अब तक उनके सभी प्रयोग विफल रहे हैं।’’

विपक्ष पर आरोप लगाया जा रहा कि वह बांग्लादेश, नेपाल और श्रीलंका के राजनीतिक घटनाक्रमों से प्रेरणा लेकर तथा देश में अशांति फैलाकर भारत में ‘‘सत्ता परिवर्तन’’ करने की कोशिश कर रहा है।

इस आरोप ने उस वक्त और जोर पकड़ गया, जब हाल में वरिष्ठ वकील प्रशांत भूषण ने संवाददाता सम्मेलन में कहा था कि ‘‘हम सभी सत्ता परिवर्तन चाहते हैं।’’

भाषा सुभाष माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments