नैनीताल, 14 अगस्त (भाषा) उत्तराखंड के नैनीताल जिले में रामगढ़-मुक्तेश्वर रोड पर शुक्रवार को एक मिनी बस 25 मीटर गहरी खाई में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि 20 लोगों को बचा लिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि बस में चालक समेत 22 लोग सवार थे, एक व्यक्ति अभी भी बस के अंदर फंसा हुआ है।
नैनीताल के पुलिस अधीक्षक (एसपी) डॉ. जगदीश चंद्र की निगरानी में एक संयुक्त बचाव अभियान शुरू किया गया है, जिसमें स्थानीय पुलिस, दमकल सेवा, एसडीआरएफ के जवान और स्थानीय ग्रामीण हिस्सा ले रहे हैं।
अधिकारियों ने बताया कि गंभीर रूप से घायल 14 लोगों को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में प्राथमिक उपचार दिया गया और फिर आगे के इलाज के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा गया।
अधिकारियों ने बताया कि एक व्यक्ति अब भी बस के अंदर फंसा हुआ है और उसकी हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है।
उन्होंने कहा कि बचाव दल वाहन को काटने के लिए गैस कटर और अन्य उपकरणों का इस्तेमाल कर रहे हैं।
अधिकारियों के मुताबिक दुर्घटना के बाद बस चालक घटनास्थल से फरार हो गया था, लेकिन बाद में स्थानीय पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
भवाली थाने के कोतवाल प्रकाश सिंह मेहरा ने बताया कि सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस दुर्घटना स्थल पर पहुंची तथा राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) और स्थानीय लोगों की मदद से बचाव अभियान शुरू किया।
भाषा
सुभाष नरेश जोहेब
जोहेब
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.