लखनऊ, 30 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के पीलीभीत विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में मतदाताओं के पहचान पत्र (ईपीआईसी) संख्या पर दूसरे मतदाताओं का विवरण दर्ज होने के मामले की जांच में 10,470 त्रुटिपूर्ण आवेदन स्वीकृत किए जाने का पता चला है जिसके बाद जिले वर्तमान और पूर्व जिला निर्वाचन अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से शुक्रवार को जारी बयान के मुताबिक, विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र संख्या-127, पीलीभीत की मतदाता सूची में बड़ी संख्या में मतदाताओं के ईपीआईसी नंबर पर अन्य मतदाताओं का विवरण प्रदर्शित होने की शिकायत मिली थी।
बयान के अनुसार, इस संबंध में कराई गई जांच में कई अनियमितताएं सामने आईं। जांच में पाया गया कि 31 मई से 29 अगस्त 2026 के बीच कुल 13,779 आवेदनों की प्रविष्टियां गलत तरीके से की गईं जिनमें से 10,470 आवेदन स्वीकृत भी कर लिए गए।
बयान के मुताबिक, मामले की गंभीरता को देखते हुए लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 और मतदाता सूची संबंधी नियमावली-2023 में जिला निर्वाचन अधिकारियों के लिए निर्धारित कर्तव्यों एवं दायित्वों के मद्देनजर जिले के वर्तमान और पूर्व जिला निर्वाचन अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बयान में कहा कि मतदाता सूची की शुचिता और विश्वसनीयता बनाए रखना जिला निर्वाचन अधिकारियों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। सूची में किसी भी तरह की खामी या अनियमितता सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
भाषा सलीम खारी
खारी
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.