भुवनेश्वर, 27 अक्टूबर (भाषा) ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने मंगलवार को कहा कि उनकी सरकार की भ्रष्टाचार को कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति है।
उन्होंने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में भ्रष्टाचार में लिप्त होने के कारण 41 अधिकारियों को बर्खास्त किया गया है, जबकि 91 सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन रोक दी गई है।
यहां ‘सतर्कता जागरुकता सप्ताह-2026’ के मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जून 2024 में ओडिशा में भाजपा की सरकार बनने के बाद से सतर्कता विभाग ने कई सरकारी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि इनमें एक आईएएस अधिकारी और मुख्य अभियंता स्तर के आठ अधिकारी भी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि भ्रष्टाचार के मामलों में दोषी ठहराए जाने के बाद 41 सरकारी कर्मचारियों को सेवा से बर्खास्त किया गया है और 91 सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन रोक दी गई है।
माझी ने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में दोषसिद्धि की दर वर्ष 2025 में 50 प्रतिशत थी, जो इस वर्ष सितंबर तक बढ़कर 65 प्रतिशत हो गई है। उन्होंने कहा कि इतनी ऊंची दोषसिद्धि दर हासिल करने के लिए ओडिशा के सतर्कता विभाग की सराहना की जा रही है।
भाषा
देवेंद्र शोभना
शोभना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.