scorecardresearch
Thursday, 9 July, 2026
होमदेशनिज्जर की हत्या, गिप्पी ग्रेवाल के घर फायरिंग, ड्रग्स—चार्जशीट में बिश्नोई और उसके गैंग पर कई आरोप

निज्जर की हत्या, गिप्पी ग्रेवाल के घर फायरिंग, ड्रग्स—चार्जशीट में बिश्नोई और उसके गैंग पर कई आरोप

जेल में होने के बावजूद बिश्नोई का गैंग एक 'अंतरराष्ट्रीय अपराधी नेटवर्क' बन गया, जिसके सदस्य अमेरिका, कनाडा, ब्रिटेन, यूरोप, ऑस्ट्रेलिया और कई दूसरे देशों में हैं.

Text Size:

नई दिल्ली: गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उसके छह साथियों पर अमेरिका के कैलिफोर्निया जिला अदालत ने कई मामलों में आरोप तय किए हैं. इनमें रंगदारी वसूलना और नशीले पदार्थों की तस्करी जैसे आरोप शामिल हैं.

हाल ही में जारी चार्जशीट में कहा गया है कि बिश्नोई का गैंग, जिसे बिश्नोई ऑर्गेनाइज्ड क्राइम ग्रुप (Bishnoi OCG) कहा गया है, समय के साथ एक ‘अंतरराष्ट्रीय अपराधी नेटवर्क’ बन गया. इसका मुख्य ठिकाना भारत में है, लेकिन इसके सदस्य अमेरिका, कनाडा, ब्रिटेन, यूरोप, ऑस्ट्रेलिया और कई दूसरे देशों में फैले हुए हैं.

चार्जशीट के मुताबिक, इस गैंग का सरगना लॉरेंस बिश्नोई 2015 में भारत में गिरफ्तार हो गया था, लेकिन जेल में रहने के बावजूद वह तस्करी करके जेल में पहुंचाए गए मोबाइल फोन और इंटरनेट कॉलिंग डिवाइस के जरिए दुनिया भर में गैंग के अपराधों को खुद चलाता रहा.

इन अपराधों में राजनीतिक हत्याएं, मर्डर, फायरिंग, रंगदारी, अपहरण, ड्रग्स की तस्करी और लोगों की अवैध तरीके से दूसरे देशों में तस्करी जैसे मामले शामिल हैं.

चार्जशीट में कहा गया है कि सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ उत्तर अमेरिका में और रोहित गोदारा यूरोप में बिश्नोई गैंग का नेतृत्व करते थे. वहीं सुखराज सिंह कांग भारत में संगठन का प्रमुख सहयोगी था.

इन चार मुख्य गैंग लीडरों के अलावा दस्तावेज़ में तीन और लोगों—राजन भट्टी, भुलवान और सुमित के नाम भी हैं, जिन पर गैंग की गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है.

एफबीआई ने चार्जशीट में बिश्नोई गैंग की ओर से किए गए कई अपराधों का भी ज़िक्र किया है.

हरदीप सिंह निज्जर की हत्या

चार्जशीट में कहा गया है कि लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ ने 18 जून 2023 को एच.एस.एन. (हरदीप सिंह निज्जर) की हत्या का आदेश दिया था. निज्जर पंजाब का रहने वाला एक प्रमुख धार्मिक और राजनीतिक नेता था, जो कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया में रह रहा था.

दस्तावेज़ के मुताबिक, इस साजिश में चार लोग शामिल थे. उसी दिन दो आरोपियों ने कनाडा के सरे शहर में गुरुद्वारे से बाहर निकलते समय निज्जर की गोली मारकर हत्या कर दी.

गिप्पी ग्रेवाल के घर फायरिंग और रंगदारी की कोशिश

चार्जशीट के मुताबिक, 25 नवंबर 2023 को लॉरेंस बिश्नोई ने फेसबुक पोस्ट करके एक दिन पहले अभिनेता-गायक गिप्पी ग्रेवाल के घर पर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी ली थी. पोस्ट में लिखा था, “कोई भी तुम्हें हमसे नहीं बचा सकता.”

इसके बाद दिसंबर 2025 से मार्च 2026 के बीच बिश्नोई गैंग ने कई बार गिप्पी ग्रेवाल और उनके मैनेजर से संपर्क किया और जान से मारने की धमकी देकर पैसे मांगे.

ब्रैम्पटन में रंगदारी की कोशिश

6 दिसंबर 2023 से 4 जनवरी 2024 के बीच कनाडा के ओंटारियो प्रांत के ब्रैम्पटन में रहने वाले ए.जी. नाम के व्यक्ति को लॉरेंस बिश्नोई और उसके साथियों ने कई बार फोन किया. चार्जशीट के मुताबिक, गैंग ने उससे 5 लाख कनाडाई डॉलर मांगे और पैसे नहीं देने पर उसके परिवार और कर्मचारियों को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी.

फॉन्टाना में धमकी

5 दिसंबर 2024 को कैलिफोर्निया के फॉन्टाना में रहने वाले एस.एस. नाम के व्यक्ति को खुद को ‘लॉरेंस ग्रुप’ का सदस्य बताने वाले एक शख्स ने फोन किया. उसने हरदीप सिंह निज्जर की हत्या का जिक्र करते हुए कहा, “मेरे पास तुम्हारी पूरी जानकारी है.”

चार्जशीट के मुताबिक, उसने एस.एस. को यह भी धमकी दी कि वह उसकी इमिग्रेशन सुनवाई में उससे मिलेगा.

सुनील यादव की हत्या

भारतीय ड्रग तस्कर सुनील यादव की 23 दिसंबर 2024 को कैलिफोर्निया के स्टॉकटन में हत्या कर दी गई.

गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा ने फेसबुक पर पोस्ट कर कहा कि यह हत्या बिश्नोई गैंग की ओर से की गई है. पोस्ट में लिखा था, “हमारे सभी दुश्मन तैयार रहें, दुनिया के किसी भी कोने में जाओगे, हम वहां पहुंच जाएंगे.”

पुलिस के मुखबिर से रंगदारी

चार्जशीट में जनवरी 2025 में अमेरिका की कानून लागू करने वाली एजेंसियों के एक गुप्त ऑपरेशन का भी ज़िक्र है. इस ऑपरेशन में एक अंडरकवर एजेंट और एक गोपनीय मुखबिर शामिल थे. दोनों ने खुद को एक कर्ज लेने वाला और दूसरा कर्ज देने वाला व्यक्ति बताया.

दस्तावेज़ के मुताबिक, बिश्नोई गैंग ने कर्ज लेने वाले व्यक्ति को जान से मारने और हमला करने की धमकी देकर कर्ज देने वाले के पैसे वापस दिलाने की बात कही.

उससे कहा गया, “जब तुम हमें पैसे देना शुरू कर दोगे, तब कोई तुम्हें या तुम्हारे परिवार को धमकी नहीं देगा.”

इसके लिए गैंग 16,000 डॉलर की फीस मांग रहा था.

अमेरिका, ब्रिटेन और कनाडा में रंगदारी

11 जून 2025 को बिश्नोई गैंग ने कनाडा के सरे में रहने वाले एच.टी. और ब्रिटेन में रहने वाले एस.एस. से संपर्क किया और उन्हें जान से मारने की धमकी देकर पैसे मांगे.

इसी तरह 4 दिसंबर 2025 को कैलिफोर्निया के थाउज़ेंड ओक्स में रहने वाले एम.के. से पहले 30 लाख अमेरिकी डॉलर और बाद में 50 लाख अमेरिकी डॉलर मांगे गए. उसे धमकी दी गई, “चाहे अमेरिका में हो या भारत में, तुम्हारे सारे काम पूरी तरह खत्म कर देंगे.”

अमेरिका में ड्रग्स की तस्करी और चोरी

चार्जशीट में आरोप लगाया गया है कि नवंबर 2024 में बिश्नोई गैंग ने अमेरिका के अंदर लंबी दूरी तक चलने वाले ट्रकों के जरिए करीब 49 किलो कोकीन अमेरिका-कनाडा सीमा तक पहुंचाई. इस ऑपरेशन के दौरान गैंग का एक सदस्य इंडियाना के ग्रीनवुड में कानून लागू करने वाली एजेंसी के एक गोपनीय मुखबिर से मिला, जहां तस्करी की योजना बनाई गई.

चार्जशीट में यह भी आरोप है कि लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ ने अपने एक साथी को लॉस एंजिलिस इलाके में एक प्रतिद्वंद्वी ड्रग तस्कर गैंग से नशीले पदार्थ चोरी करने का आदेश दिया.

इसके तहत मार्च 2024 में करीब 220 किलो कोकीन, अप्रैल 2024 में 500 किलो मेथामफेटामाइन, और जुलाई 2025 में 300 किलो कोकीन चोरी करने का आरोप लगाया गया है.

(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)


यह भी पढ़ें: नाबालिगों की भर्ती, गुर्गों का नेटवर्क और ‘देशभक्त’ इमेज—US के आरोपपत्र में बिश्नोई गैंग का पर्दाफाश


 

share & View comments