scorecardresearch
Monday, 6 July, 2026
होमदेशNIA के पास पहलगाम हमले में हाफिज़ सईद की भूमिका होने के सबूत, सप्लीमेंट्री चार्जशीट में किया नामजद

NIA के पास पहलगाम हमले में हाफिज़ सईद की भूमिका होने के सबूत, सप्लीमेंट्री चार्जशीट में किया नामजद

NIA ने हाफ़िज़ सईद पर LeT के प्रमुख और व्यक्तिगत तौर पर, दोनों तरह से आरोप लगाए हैं. सप्लीमेंट्री चार्जशीट में पाकिस्तान की साज़िश, हाफ़िज़ सईद की भूमिका और इसके समर्थन में सबूतों का ब्यौरा दिया गया है.

Text Size:

नई दिल्ली: राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने सोमवार को आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के प्रमुख हाफिज मोहम्मद सईद पर पिछले साल हुए पहलगाम आतंकी हमले में उसकी भूमिका को लेकर आरोप तय किए.

एजेंसी के प्रवक्ता ने कहा कि जम्मू की एक विशेष अदालत में दाखिल की गई पूरक चार्जशीट में सईद की भूमिका को विस्तार से बताया गया है. इसमें हमले के पीछे पाकिस्तान में मौजूद आतंकी संगठनों की भूमिका पर भी जोर दिया गया है. प्रवक्ता ने कहा कि सईद पर लश्कर-ए-तैयबा के प्रमुख के रूप में भी आरोप लगाए गए हैं और व्यक्तिगत रूप से भी.

सोमवार को दाखिल की गई यह पूरक चार्जशीट, छह महीने पहले दाखिल की गई 1,597 पन्नों की चार्जशीट के बाद आई है. उस पहली चार्जशीट में 22 अप्रैल 2025 को अनंतनाग जिले के पहलगाम ब्लॉक के बैसरन मैदान में हुए हमले से पहले पाकिस्तान में मौजूद आतंकी संगठनों, उनके नेताओं और आतंकियों की साजिश और घटनाक्रम का पूरा विवरण दिया गया था. इस हमले में एक स्थानीय व्यक्ति समेत 26 लोगों की मौत हुई थी.

NIA के प्रवक्ता ने बयान में कहा, “पहले दाखिल की गई 1,597 पन्नों की चार्जशीट के आगे के हिस्से के रूप में दाखिल की गई इस पूरक चार्जशीट में पाकिस्तान की साजिश, हाफिज सईद की भूमिका और इस मामले में NIA द्वारा वैज्ञानिक जांच और मौके पर की गई जांच से जुटाए गए सबूतों का विवरण दिया गया है.”

हाफिज सईद का नाम भारत पहले भी पाकिस्तान सरकार को सौंपे गए कई डोजियर में शामिल कर चुका है. इन डोजियर में भारत के खिलाफ साजिश और भड़काऊ भाषणों का जिक्र था. नवंबर 2008 में मुंबई में हुए आतंकी हमले, जिसमें 250 से ज्यादा लोग मारे गए थे, उसमें भी सईद को मुख्य आरोपी और साजिशकर्ता बताया गया था.

एजेंसी ने लश्कर के सहयोगी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) को पहलगाम हमले के पीछे जिम्मेदार संगठन बताया है. हमले के तुरंत बाद TRF ने इसकी जिम्मेदारी ली थी, लेकिन बाद में देश और दुनिया में भारी विरोध और वैश्विक निंदा के बाद उसने अपना दावा वापस ले लिया.

NIA की जांच में पता चला कि TRF से जुड़े दो पोस्ट, जिनमें पहला हमले की जिम्मेदारी लेने वाला और दूसरा संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की निंदा और वैश्विक विरोध के बाद हमले से इनकार करने वाला था, दोनों का संबंध पाकिस्तान से था.

दिसंबर 2025 में दाखिल अपनी पहली चार्जशीट में, जिसकी जानकारी पहले द प्रिंट ने दी थी, NIA ने बताया था कि पहला पोस्ट 22 अप्रैल को शाम करीब 4.32 बजे ओपन सोर्स माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म ‘Mastodon’ पर आया था. यह हमला होने के कुछ घंटे बाद पोस्ट किया गया था. चार्जशीट में कहा गया था, “यह पोस्ट TRF के प्रचार वाले हैंडल ‘Kashmir Fight’ से किया गया था, जिसमें #PahalgamAttack हैशटैग का इस्तेमाल करते हुए इस घटना का साफ तौर पर जिक्र किया गया.”

बाद में 25 अप्रैल को TRF ने ‘TheResistanceFront Official’ नाम का नया डिजिटल प्लेटफॉर्म बनाकर हमले में अपनी भूमिका से इनकार किया. NIA ने इसे “TRF और पाकिस्तान की जिम्मेदारी से बचने की कोशिश” बताया है. NIA के अनुसार, पहले पोस्ट का IP एड्रेस खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के बट्टाग्राम शहर तक पहुंचा, जबकि इनकार वाले टेलीग्राम अकाउंट का IP एड्रेस रावलपिंडी तक पहुंचा. यह अकाउंट एक पाकिस्तानी मोबाइल नंबर से रजिस्टर किया गया था.

NIA ने पिछले साल अप्रैल में हमले से एक दिन पहले तीन आतंकियों को खाना और दूसरी जरूरी मदद देने के आरोप में दो स्थानीय टट्टू चलाने वालों, परवेज अहमद जोठर और बशीर अहमद जोठर, को गिरफ्तार किया था. तीनों आतंकी, फैसल जट्ट उर्फ सुलेमान शाह, हबीब ताहिर उर्फ जिब्रान और हमजा अफगानी, पिछले साल जुलाई में श्रीनगर के बाहरी इलाके के डाचीगाम जंगल में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में मारे गए थे.

हाफिज सईद के नाम वाली पूरक चार्जशीट दाखिल करने से पहले NIA ने पाकिस्तान में मौजूद साजिद जट्ट को पूरी साजिश का मास्टरमाइंड बताया था. खुफिया एजेंसियों के मुताबिक, साजिद जट्ट मूल रूप से कश्मीर के कुलगाम का रहने वाला था. वह करीब 2006 में सीमा पार पाकिस्तान चला गया था और तब से वहीं रह रहा है.

(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)


यह भी पढ़ें: योग गुरु, यौन शोषण, चुप्पी— ऋषिकेश के सत्व योग अकादमी पर लगे आरोप


 

share & View comments