इंदौर (मध्यप्रदेश), 17 नवंबर (भाषा) इंदौर के पूर्व होलकर राजाओं के लालबाग पैलेस के परिसर में जारी विकास कार्यों के दौरान मंगलवार को खुदाई के दौरान लोहे का भारी-भरकम बक्सा दबा मिला जो पहली नजर में किसी पुरानी तिजोरी की तरह नजर आ रहा है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
राज्य पुरातत्व विभाग के उपसंचालक के. एल. डाभी ने संवाददाताओं को बताया,‘‘लालबाग पैलेस परिसर में बड़ी परियोजना के तहत पर्यटन विभाग की एक एजेंसी द्वारा विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इस दौरान परिसर में खुदाई के दौरान तिजोरीनुमा बक्सा मिला है।’’
उन्होंने बताया कि वह बुधवार को मौके का मुआयना करेंगे और बक्से को लेकर आगामी कदम उठाएंगे।
डाभी ने कहा,‘‘यह जांच का विषय है कि यह बक्सा कितना पुराना है, लेकिन मैं आपको इतना जरूर बताना चाहूंगा कि यह वस्तु हमारे सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज नहीं है।’’
चश्मदीदों ने बताया कि लोहे का यह बक्सा इतना वजनदार है कि इसे उठाकर लालबाग पैलेस परिसर की एक सुरक्षित जगह पर रखने के लिए अधिकारियों को अर्थमूविंग मशीन की मदद लेनी पड़ी। इसे देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई।
स्थानीय इतिहास के जानकार जफर अंसारी ने बताया कि लालबाग पैलेस का निर्माण तत्कालीन होलकर राजवंश की तीन पीढ़ियों के शासकों द्वारा 1886 से 1926 के बीच कराया गया था।
उन्होंने कहा,‘‘तीन मंजिला महल यूरोपीय स्थापत्य शैली से प्रभावित है और तत्कालीन होलकर शासकों की कला एवं वास्तुकला के प्रति गहरी रुचि को दर्शाता है।’’
भाषा हर्ष
राजकुमार
राजकुमार
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.