मेरठ, 12 अक्टूबर (भाषा) मेरठ के मवाना में पुलिस मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से अजीत उर्फ नीशू (37) नामक बदमाश घायल हो गया जिस पर हत्या और लूट के साथ गैंगस्टर कानून के तहत मामला दर्ज है। मवाना के पुलिस क्षेत्राधिकारी पंकज लवानिया ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस क्षेत्राधिकारी के अनुसार, मवाना खुर्द अंडरपास पर रविवार रात जांच के दौरान मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध को रुकने का इशारा किया गया तो उसने पुलिस टीम पर गोली चला दी और भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया तो निलोहा मार्ग पर उसकी मोटरसाइकिल गिर गई।
आरोप है कि इसके बाद उसने दोबारा पुलिस पर गोली चलाई, जिसके जवाब में पुलिस ने गोली चलाई और वह घायल हो गया।
मुजफ्फरनगर जिले के जानसठ थाना क्षेत्र के अहरौड़ा गांव निवासी आरोपी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मवाना में भर्ती कराया गया है। उसके कब्जे से .315 बोर का तमंचा, दो खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और चोरी की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ मेरठ और मुजफ्फरनगर में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, चोरी और गैंगस्टर अधिनियम समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ मवाना थाने में भारतीय न्याय संहिता और आयुध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
भाषा सं जफर
वैभव
वैभव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.