अगरतला, 30 अक्टूबर (भाषा) त्रिपुरा में अगरतला नगर निगम (एएमसी) सहित 21 शहरी स्थानीय निकायों के चुनाव 27 नवंबर को होंगे। राज्य निर्वाचन आयुक्त प्रदीप कुमार चक्रवर्ती ने शुक्रवार को यह घोषणा की।
इन 21 नगर निकायों में कुल 345 वार्ड हैं।
इनमें सबसे अधिक 51 वार्ड अगरतला नगर निगम में हैं।
चक्रवर्ती ने संवाददाता सम्मेलन में बताया, “सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने आठ जिलों के 17 उपमंडलों में आने वाले 21 शहरी स्थानीय निकायों में 27 नवंबर को चुनाव कराने का फैसला किया है।”
उन्होंने बताया कि नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया 31 अक्टूबर से शुरू होगी और छह नवंबर तक जारी रहेगी।
अधिकारी ने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच सात नवंबर को होगी, जबकि नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 10 नवंबर तय की गई है।
चक्रवर्ती ने बताया कि मतों की गिनती दो दिसंबर को होगी।
मौजूदा शहरी स्थानीय निकायों का कार्यकाल नौ दिसंबर को समाप्त होने वाला है।
उन्होंने बताया कि नगर निकाय चुनावों में कुल 6,29,903 मतदाता मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे, इनमें 3,21,745 महिलाएं और 3,08,115 पुरुष मतदाता शामिल हैं।
भाषा जितेंद्र सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.