scorecardresearch
Monday, 16 November, 2026
होमदेशरक्षा मंत्रालय, सामाजिक न्याय मंत्रालय ने वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण को लेकर एमओयू पर हस्ताक्षर किए

रक्षा मंत्रालय, सामाजिक न्याय मंत्रालय ने वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण को लेकर एमओयू पर हस्ताक्षर किए

Text Size:

नयी दिल्ली, 16 नवंबर (भाषा) रक्षा मंत्रालय और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय ने ‘अटल वयो अभ्युदय योजना’ (अव्यय) के तहत छावनी क्षेत्रों में नए देखभाल केंद्र और वरिष्ठ नागरिक गृह स्थापित करने के लिए सोमवार को एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।

एमओयू पर हस्ताक्षर नयी दिल्ली में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री वीरेंद्र कुमार की उपस्थिति में किए गए।

रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि एमओयू में बुजुर्गों की देखभाल करने वालों को कौशल प्रशिक्षण देने की परिकल्पना भी की गई है।

बयान के अनुसार, प्रस्तावित व्यवस्था के तहत, सामाजिक न्याय मंत्रालय ‘अव्यय’ योजना के अंतर्गत वित्तीय सहायता प्रदान करेगा। इसमें विभिन्न छावनी बोर्ड द्वारा अपने बजट से संचालित किए जा रहे मौजूदा देखभाल केंद्रों और वरिष्ठ नागरिक गृहों के संचालन एवं रखरखाव के लिए दी जाने वाली सहायता भी शामिल होगी।

अंबाला (हरियाणा), देवलाली (महाराष्ट्र), जबलपुर (मध्यप्रदेश), रानीखेत और लैंसडाउन (उत्तराखंड) छावनियों में पहले से ही देखभाल केंद्र संचालित हैं और अयोध्या तथा लखनऊ (उत्तर प्रदेश) छावनियों में वरिष्ठ नागरिक गृह काम कर रहे हैं। ये सभी अपने स्वयं के बजट से संचालित हैं जो मुख्य रूप से रक्षा मंत्रालय से मिलने वाले अनुदान पर निर्भर होते हैं।

एमओयू में ‘अव्यय’ के तहत छावनी क्षेत्रों में नए देखभाल केंद्र या वरिष्ठ नागरिक गृह स्थापित करने की परिकल्पना की गई है।

बयान के अनुसार, रक्षा संपदा महानिदेशालय ने आठ छावनियों की पहचान की है, जहां नए देखभाल केंद्र खोले जा सकते हैं। सामाजिक न्याय मंत्रालय के साथ परामर्श और कोष की उपलब्धता के आधार पर, पांच छावनियों में मौजूद देखभाल केंद्रों और दो छावनियों में मौजूद वरिष्ठ नागरिक गृहों को भी बेहतर बनाया जाएगा।

इसमें कहा गया कि रक्षा संपदा महानिदेशालय ने नए केंद्र खोलने के लिए जिन छावनियों की पहचान की है, वे बैरकपुर (पश्चिम बंगाल), बेलगाम (कर्नाटक), झांसी (उत्तर प्रदेश), खड़की और पुणे (महाराष्ट्र), सिकंदराबाद (तेलंगाना), सेंट थॉमस माउंट (तमिलनाडु) और दिल्ली में स्थित हैं।

भाषा

नेत्रपाल सिम्मी

सिम्मी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments