कालाढूंगी: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कालाढूंगी में आयोजित नारी शक्ति सम्मान सम्मेलन में शामिल हुए. इस दौरान बड़ी संख्या में पहुंची महिलाओं ने मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत और अभिनंदन किया.
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए राज्य सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं और प्रयासों की जानकारी दी.
धामी सरकार ने सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 फीसदी क्षैतिज आरक्षण दिया है. इससे महिला सशक्तिकरण को मजबूती मिली है.
लखपति दीदी योजना के तहत प्रदेश की 3 लाख से अधिक महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत हुई हैं. वहीं, 70 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों के जरिए महिलाओं को स्वरोजगार और आत्मनिर्भर बनने के नए अवसर मिल रहे हैं.
सहकारी समितियों में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण दिया गया है. इसके अलावा, एकल महिला स्वरोजगार योजना के तहत 75 फीसदी तक अनुदान दिया जा रहा है. इन योजनाओं के जरिए महिलाओं को आर्थिक रूप से आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है.
ड्रोन दीदी, सोलर सखी और सशक्त बहना जैसी योजनाओं के माध्यम से भी महिलाओं की आर्थिक गतिविधियों में भागीदारी बढ़ाने की कोशिश की जा रही है.
राज्य सरकार महिला सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है.