scorecardresearch
Monday, 16 November, 2026
होमदेशवांगचुक का आरोप—लद्दाख प्रशासन करगिल युद्ध में मारे गए सैनिक के बेटे को कर रहा परेशान, क्या है मामला?

वांगचुक का आरोप—लद्दाख प्रशासन करगिल युद्ध में मारे गए सैनिक के बेटे को कर रहा परेशान, क्या है मामला?

2025 में लेह में हुई हिंसा में मारे गए चार आम लोगों में से एक के 17 साल के बेटे ने चेतावनी दी थी कि अगर प्रशासन ने उनकी मौत की जांच के लिए बने न्यायिक आयोग की रिपोर्ट जारी नहीं की, तो वह खुद को आग लगा लेगा.

Text Size:

नई दिल्ली: सितंबर 2025 में लेह में हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान मारे गए करगिल युद्ध के सैनिक त्सेवांग थारचिन का 17 साल का बेटा लद्दाख प्रशासन और केंद्र शासित प्रदेश के लोगों के बीच विवाद का केंद्र बन गया है.

लद्दाख को पूर्ण राज्य का दर्जा देने की मांग को लेकर हुए प्रदर्शनों के दौरान लेह में हिंसा भड़क गई थी. इसमें मारे गए चार आम लोगों में थारचिन भी शामिल थे. उनके बेटे मिफाम इन मौतों की जांच के लिए बनाए गए न्यायिक जांच आयोग की रिपोर्ट जारी करने की मांग कर रहे हैं.

यह विवाद 8 नवंबर को शुरू हुआ, जब मिफाम ने यूट्यूब पर एक वीडियो डाला. इसमें उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की, तो वह खुद को आग के हवाले कर लेंगे. जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी लंबे समय से इस रिपोर्ट को जारी करने की मांग कर रहे हैं.

12 नवंबर को अपलोड किए गए एक दूसरे वीडियो में मिफाम ने सितंबर 2025 में अपने पिता की हत्या को बहुत बड़ा अन्याय बताया. उन्होंने कहा कि उनके पिता ने 1999 के करगिल युद्ध में भी लड़ाई लड़ी थी और उनका परिवार अब भी न्यायिक जांच के नतीजों का इंतज़ार कर रहा है.

उन्होंने कहा, “क्या हुआ था? यह किसने किया? आदेश किसने दिए? गोलियां किसने चलाईं? हमारे पास इनमें से किसी भी सवाल का जवाब नहीं है.”

अपने पिता की मौत को लद्दाख के लिए संवैधानिक सुरक्षा की मांग से जोड़ते हुए मिफाम ने कहा कि उनके पिता ने उस मुद्दे के लिए अपनी जान कुर्बान कर दी, जो इस इलाके के लिए बहुत अहम है. उन्होंने कहा, “हमें न्याय चाहिए! हमें सुरक्षा चाहिए!”

पिछले हफ्ते यह मामला तब और बढ़ गया, जब मिफाम 4 दिसंबर को होने वाले पहाड़ी परिषद के चुनाव टालने की मांग को लेकर लेह एपेक्स बॉडी (LAB) की ओर से शुरू किए गए आंदोलन में शामिल हो गए.

शुक्रवार को जब वह प्रदर्शन स्थल पर थे, तब उनके वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय प्रशासन ने उनसे संपर्क किया और डॉक्टर से सलाह दिलाने की व्यवस्था करने की कोशिश की. बाद में LAB ने उन्हें उनकी मां के हवाले कर दिया.

पुलिस के मुताबिक, इसके बाद पुलिस उसके परिवार के घर लेह की सोलर कॉलोनी पहुंची, लेकिन वहां कोई नहीं मिला. शनिवार को लद्दाख पुलिस ने एक सूचना जारी की. इसमें मिफाम की स्थिति का आकलन करने का हवाला देते हुए कहा गया कि वह मानसिक परेशानी से गुज़रते हुआ दिखाई दे रहे हैं और अस्पताल में उनकी पूरी मेडिकल जांच कराए जाने की ज़रूरत है.

पुलिस ने एक बयान में कहा, “केंद्र शासित प्रदेश के प्रशासन और पुलिस का एकमात्र उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि मिफाम खासदुप को जल्द से जल्द बाल कल्याण समिति के जरिए सही सलाह और मदद मिल सके.”

हालांकि, परिवार के एक दोस्त ने फोन पर दिप्रिंट को बताया कि इसके बाद से पुलिस “परिवार और यहां तक कि मिफाम के बुजुर्ग दादा को भी लगातार परेशान कर रही है.” उन्होंने दावा किया कि मिफाम और उनकी मां छिप गए हैं और उन्होंने सिर्फ अपने दादा को यह जानकारी दी है कि वे सुरक्षित हैं.

इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए वांगचुक ने पुलिस पर करगिल युद्ध के सैनिक की पत्नी और बेटे को परेशान करने का आरोप लगाया. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जांच रिपोर्ट जारी करने की मांग करने के कारण प्रशासन इस किशोर के पीछे पड़ा है.

वांगचुक ने एक्स पर लिखा, “जब करगिल युद्ध का कोई नायक मारा जाता है, तो क्या देश उसके परिवार के साथ खड़ा होगा? एक हैरान करने वाली घटना में केंद्र शासित प्रदेश का प्रशासन 17 साल के लड़के मिफाम के पीछे पड़ा है, ताकि उसे मानसिक अस्पताल में भर्ती कराया जा सके. उसका कसूर सिर्फ इतना है कि वह पिछले साल 24 सितंबर को लेह में हुई घटना की न्यायिक जांच आयोग की रिपोर्ट जारी करने की मांग कर रहा है. उसके पिता, कारगिल युद्ध के नायक हवलदार थारचिन की पिछले साल बेरहमी से हत्या कर दी गई थी.”

शुरुआती बयान जारी करने के कुछ मिनट बाद लद्दाख पुलिस ने एक और जानकारी दी. इसमें कहा गया कि उन्हें परिवार से पता चला है कि मिफाम और उनकी मां सुरक्षित हैं.

लद्दाख के पुलिस महानिदेशक ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “पहले किए गए ट्वीट के आगे यह जानकारी दी जा रही है कि 17 साल का नाबालिग लड़का और उसकी मां सुरक्षित और ठीक हैं.”

प्रदर्शन स्थल पर किए गए आकलन का ज़िक्र करते हुए केंद्र शासित प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि इस प्रक्रिया में “बातचीत और मेडिकल जांच शामिल थी, ताकि स्थिति को समझा जा सके, मानसिक परेशानी के संकेतों का पता लगाया जा सके और यह देखा जा सके कि क्या डिप्रेशन या चिंता जैसी ऐसी स्थितियों पर आगे ध्यान देने की जरूरत है, जिनका मेडिकल जांच के जरिए पता लगाया जा सकता है.”

विभाग ने आगे कहा कि अगर कोई और मेडिकल जांच करनी है, तो वह सही अस्पताल में होनी चाहिए. वहां पूरी निजता और बिना किसी रुकावट के जांच की सुविधा होनी चाहिए. यह जांच एनडीएस स्टेडियम जैसी किसी खुली सार्वजनिक जगह पर नहीं होनी चाहिए.

बयान में कहा गया, “इसलिए टीम ने सुझाव दिया कि यह जांच अस्पताल में की जाए, जहां जरूरी निजता और पेशेवर माहौल सुनिश्चित किया जा सके.”

(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)


यह भी पढ़ें: लद्दाख में पहली बार आठ जिलों की हिल काउंसिल के चुनाव, लेकिन दिसंबर की तारीख पर क्यों उठ रहे हैं सवाल?


 

share & View comments