मेरठ (उप्र), नौ सितंबर (भाषा) मेरठ की धीरखेड़ा पुलिस चौकी में मोटरसाइकिल चोरी के मामले में पूछताछ के लिए लाए गए एक व्यक्ति ने मंगलवार को कथित तौर पर रासायनिक पदार्थ पी लिया जिसके बाद चौकी प्रभारी को लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (किठौर) विश्व ज्योति राय ने बताया कि गाजियाबाद के नूरपुर निवासी मिथुन को मोटरसाइकिल चोरी के मामले में पूछताछ के लिए लाया गया था। मंगलवार सुबह शौचालय जाने के दौरान उसने वहां रखा ‘टॉयलेट क्लीनर’ पी लिया।
उन्होंने बताया कि मिथुन को पहले एनसीआर मेडिकल कॉलेज और बाद में मेरठ के जगदंबा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
राय ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वीबीजीटीएस मूर्ति ने चौकी प्रभारी उप निरीक्षक हरिओम गौतम को मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित कर दिया और जांच के आदेश दिए हैं।
भाषा सं सलीम खारी
खारी
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.