मंगलुरु, 13 नवंबर (भाषा) रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत मंगलुरु सेंट्रल रेलवे स्टेशन के समग्र विकास के लिए 94 करोड़ रुपये मंजूर किए जाने की घोषणा की।
रेल मंत्री ने बेंगलुरु से मंगलुरु और मडगांव के लिए नई वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाने के बाद मंगलुरु जंक्शन पर एक सभा को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि मंगलुरु और बेंगलुरु के बीच बेहतर रेल संपर्क की लंबे समय से की जा रही मांग पूरी हो गई है।
मंत्री ने मंगलुरु को दक्षिण पश्चिम रेलवे के अंतर्गत लाने के लिए सांसद कैप्टन बृजेश चौटा की सराहना की।
चौटा ने नई रेल सेवा को प्रधानमंत्री की ओर से तटीय कर्नाटक के लोगों के लिए दिवाली का उपहार बताया।
उन्होंने कहा कि पहले मंगलुरु कोंकण रेलवे, दक्षिण रेलवे और दक्षिण पश्चिम रेलवे के बीच बंटा हुआ था, जिससे निर्णय लेने में जटिलताएं उत्पन्न होती थीं।
सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, वैष्णव के फैसलों से मंगलुरु को नई दिशा मिली है और यह रेलवे के नक्शे पर प्राथमिकता वाले क्षेत्र के रूप में उभरा है।
मंगलुरु दक्षिण के विधायक वेदव्यास कामत ने कहा कि नई रेल सेवा से लोगों को बेंगलुरु, गोवा और मुंबई की तेज यात्रा करने में मदद मिलेगी।
भाषा सं राजेंद्र जितेंद्र
जितेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.