scorecardresearch
Thursday, 23 April, 2026
होमदेशदिल्ली में दंपति की हत्या मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली में दंपति की हत्या मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार

Text Size:

नयी दिल्ली, 13 अप्रैल (भाषा) दिल्ली पुलिस ने गोकलपुरी इलाके में बुजुर्ग दंपति हत्याकांड के मुख्य आरोपी को गाजियाबाद से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि दंपति की पुत्रवधू के कहने पर आशीष भार्गव (29) ने दोनों की कथित तौर पर हत्या की थी।

उन्होंने बताया कि हत्या के बाद फरार हुए आशीष भार्गव को तीन दिनों बाद बुधवार शाम को उसके आवास के पास से गिरफ्तार किया गया था। आशीष पर बुजुर्ग दंपति राधे श्याम वर्मा (72) और उनकी पत्नी वीणा (68) की हत्या का आरोप है।

पुलिस ने बताया कि दंपति की गोलकपुरी स्थित उसके आवास पर गला रेत कर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने उसी दिन उनकी पुत्रवधू मोनिका को गिरफ्तार कर लिया था।

पुलिस के मुताबिक मोनिका ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। फिलहाल, वह पुलिस की हिरासत में है।

पुलिस के अनुसार मोनिका (30) का भार्गव के साथ विवाहेतर संबंध था और वह अपने सास-ससुर की हत्या कराकर लगभग 1.30 करोड़ रुपये की संपत्ति पर कब्जा करना चाहती थी और उसे बेचकर द्वारका में नया घर खरीदना चाहती थी।

पुलिस ने बताया कि दंपति के घर से लगभग पांच लाख रुपये की नकदी और अन्य कीमती सामान गायब था।

राधे श्याम वर्मा, करोलबाग स्थित एक सरकारी स्कूल के सेवानिवृत उप प्रधानाचार्य थे। उनका परिवार पिछले 38 वर्षों से वहां रह रहा था।

पुलिस ने बताया कि मोनिका अपने पति, 38 वर्षीय रवि रतन से भी छुटकारा पाना चाहती थी।

भाषा साजन देवेंद्र

देवेंद्र

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments