नांदेड, 27 अक्टूबर (भाषा) महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में एक वित्तीय कंपनी के कार्यालय में 40 वर्षीय किसान का शव मिलने के मामले की जांच के लिए पुलिस ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
जिले की मुदखेड़ तहसील के मालकोठा गांव के निवासी चंद्रकांत शिंदे का शव पिछले सप्ताह केएफ एंटरप्राइजेज के कार्यालय में मिला था।
उनकी पत्नी ज्योति शिंदे की शिकायत के अनुसार, 22 अक्टूबर की शाम दो अज्ञात लोगों ने उन्हें जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाया और वित्तीय कंपनी के कार्यालय ले गए।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि शिंदे को वहां दो दिन तक बंधक बनाकर रखा गया और उन्हें बेरहमी से पीटा गया।
इस संबंध में वजीराबाद थाने में हत्या और अपहरण सहित भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने जयकुमार उर्फ भैया भगवान गायकवाड़ (22), शेख आमेर शेख साहेब हुसैन (25), इमरान खान शहबाज खान (40) और शेख मुदस्सिर शेख खादिर (24) को गिरफ्तार किया है।
उप-मंडल पुलिस अधिकारी रामेश्वर वाजने के नेतृत्व में विशेष जांच दल मामले की जांच करेगा।
भाषा जितेंद्र देवेंद्र
देवेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.