scorecardresearch
Thursday, 23 April, 2026
होमदेशवाम दलों, तृणमूल कांग्रेस ने असम में पीपीई किट घोटाले की जांच सीबीआई से कराने की मांग उठाई

वाम दलों, तृणमूल कांग्रेस ने असम में पीपीई किट घोटाले की जांच सीबीआई से कराने की मांग उठाई

Text Size:

गुवाहाटी, आठ जून (भाषा) असम में विपक्षी वाम दलों भाकपा, माकपा, भाकपा(माले) और आरसीपीआई तथा तृणमूल कांग्रेस ने बुधवार को राज्य में हुए कथित पीपीई किट घोटाले की जांच सीबीआई से कराने की मांग उठाई।

आरोप है कि कोविड महामारी के दौरान मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी और एक पारिवारिक मित्र को बाजार दरों से ऊपर पीपीई किट की आपूर्ति का ठेका दिया गया।

संयुक्त बयान जारी कर वाम दलों ने आरोप लगाया कि दो साल पहले कोविड-19 से निपटने के मद्देनजर चिकित्सा उपकरणों की आपूर्ति के ठेके देने के दौरान राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम), असम द्वारा सभी मानदंडों का उल्लंघन किया गया था।

बयान में कहा गया, ‘‘दो मीडिया संस्थानों – ‘द वायर’ और ‘द क्रॉसकरंट’ द्वारा खोजी रिपोर्ट की श्रृंखला के जरिये खुलासा हुआ कि भारी घोटाले हुए थे। इसलिए, हम तथ्यों को उजागर करने के लिए उच्च न्यायालय की निगरानी में सीबीआई द्वारा मामले की जांच की मांग करते हैं।’’

वहीं, तृणमूल कांग्रेस ने सीबीआई जांच की मांग करते हुए यहां राजभवन तक मार्च निकाला, हालांकि, रास्ते में पुलिस ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद पार्टी ने असम के राज्यपाल जगदीश मुखी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें आरोपों की सीबीआई जांच की मांग की गई।

भाषा शफीक उमा

उमा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments