कोलकाता, छह नवंबर (भाषा) दक्षिण कोलकाता में तीन हमलावरों ने एक किशोर की आंखों पर पट्टी बांधने के बाद उस पर पेट्रोल डालकर पहले उसे आग लगाई फिर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने की मंशा से रील बनाने के लिए कथित तौर पर इस घटना का वीडियो रिकॉर्ड किया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
हालांकि, पीड़ित के परिवार ने दावा किया कि हमला वित्तीय विवाद के कारण किया गया था। परिवार के अनुसार, किशोर ने करीब छह महीने पहले आरोपियों में से एक से उधार लिए गए 500 रुपये लौटा दिए थे, इसके बावजूद उसे आग के हवाले कर दिया गया।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना 27 अक्टूबर को हुई थी और दो नाबालिगों समेत तीन आरोपियों को बृहस्पतिवार को पकड़ा गया।
उन्होंने संवाददाताओं को बताया कि पीड़ित की हालत स्थिर है और छाती तथा पेट के झुलसने के कारण उसका अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में एक आरोपी स्कूटर की डिक्की से पेट्रोल की बोतल निकालकर उस किशोर पर पेट्रोल डालता दिखाई दे रहा है जिसे आंखों पर पट्टी बांधकर हेलमेट पहनाया गया था।
वीडियो में एक अन्य व्यक्ति दूसरे आरोपी की ओर माचिस की डिब्बी फेंकता दिखाई देता है। इसके बाद आरोपी माचिस की तीली जलाकर किशोर पर फेंक देता है, जिससे वह आग की लपटों में घिर जाता है।
वीडियो में किशोर आग की लपटों से घिरने के बाद चीखते हुए इधर-उधर भागता दिखाई दे रहा है, जबकि स्थानीय लोग उसे बचाने के लिए दौड़ते नजर आ रहे हैं।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि किशोर घर लौट रहा था, तभी आरोपियों ने कथित तौर पर उसे रास्ते में रोक लिया और लेनिन नगर में एक तालाब के पास ले गए।
वहां उन्होंने उसकी आंखों पर पट्टी बांध दी और यह घटना को अंजाम देने से पहले जबरन उसके सिर पर हेलमेट पहना दिया।
उन्होंने कहा, ‘‘जब उसने विरोध किया और हेलमेट हटाने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उसे पेट्रोल पिलाने की भी कोशिश की।’’
पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘हमें संदेह है कि आरोपियों ने सोशल मीडिया रील बनाने के लिए हमले का वीडियो रिकॉर्ड किया। हालांकि, अधिकारी हमले के पीछे के अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रहे हैं।’’
पीड़ित के परिवार ने आरोप लगाया कि यह घटना वित्तीय विवाद के कारण हुई। इस संबंध में गरफा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘हम घटनाक्रम और हमले के पीछे के मकसद का पता लगाने के लिए जांच कर रहे हैं और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है।’’
भाषा संतोष अविनाश
अविनाश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.