पटियाला: शुक्रवार को यहां राजपुरा-सरहिंद रेलवे सेक्शन पर सराय बंजारा रेलवे स्टेशन के पास एक ट्रेन के डिब्बे में आग लग गई. हालांकि, इस घटना में कोई यात्री घायल नहीं हुआ. अधिकारियों ने यह जानकारी दी.
अधिकारियों के मुताबिक, आग अमृतसर से पश्चिम बंगाल के न्यू जलपाईगुड़ी जा रही ट्रेन के जनरल डिब्बे में लगी.
सराय बंजारा रेलवे स्टेशन के पास राजपुरा पहुंचने पर ट्रेन के एक डिब्बे में अचानक आग लग गई. रेलवे पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आग जल्द ही दो और डिब्बों तक फैल गई.
इसके बाद ट्रेन को तुरंत रोक दिया गया. घबराए हुए यात्री आग की चपेट में आए डिब्बे से बाहर निकल आए. आग से चौथे डिब्बे को भी थोड़ा नुकसान पहुंचा.
अधिकारी ने कहा, “इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ. बाद में यात्रियों को दूसरी ट्रेन में बैठाया गया.”
यह भी पढ़ें: पुरानी पिरामिड स्कीम, नए ऐप का चोला: कैसे हुआ 1,200 करोड़ रुपये का SD Pay घोटाला