scorecardresearch
Saturday, 1 August, 2026
होमदेशकुलगाम में मजदूरों की हत्या मानवता विरोधी कृत्य, आतंकियों को मिले कड़ी सजा: कांग्रेस

कुलगाम में मजदूरों की हत्या मानवता विरोधी कृत्य, आतंकियों को मिले कड़ी सजा: कांग्रेस

Text Size:

नयी दिल्ली, एक अगस्त (भाषा) कांग्रेस ने जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में ईंट-भट्ठे पर काम करने वाले दो मजदूरों की हत्या की घटना की शनिवार को कड़ी निंदा करते हुए इसे घृणित एवं मानवता विरोधी कृत्य बताया और कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इस हमले की निंदा करते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में हुए दुस्साहसी आतंकी हमले में देश के दो श्रमिकों की हत्या अत्यंत दुखद है।

उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस कायराना हमले के लिए आतंकियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा मिले।

राहुल गांधी ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ देश हमेशा एकजुट है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा कि कुलगाम में हुआ कायराना आतंकी हमला अत्यंत निंदनीय और मानवता को शर्मसार करने वाला है।

उन्होंने कहा, ‘दो निर्दोष मजदूरों की पहचान पूछकर उनकी निर्मम हत्या करना आतंक की क्रूर मानसिकता का घिनौना उदाहरण है और इसकी जितनी भी निंदा की जाए, कम है।’

खरगे ने शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए दोषियों के विरुद्ध त्वरित और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा उन्हें कानून के अनुसार सख्त से सख्त सजा देने की मांग की।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘कुलगाम (जम्मू-कश्मीर) में हुआ कायराना आतंकी हमला अत्यंत शर्मनाक एवं निंदनीय है। ईंट-भट्ठे पर काम करने वाले दो मजदूरों की पहचान पूछकर हत्या करना बेहद घृणित एवं मानवता विरोधी कृत्य है। इसकी जितनी भी निंदा की जाए, कम है।’

उन्होंने कहा, ‘पूरे देश की संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आतंकियों को सख्त से सख्त सजा दी जानी चाहिए।’ जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में एक ईंट-भट्ठे पर हुए आतंकवादी हमले में छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों की मौत हो गई।

अधिकारियों के अनुसार, हमलावरों ने शुक्रवार देर शाम दक्षिण कश्मीर के केलम इलाके में स्थित ईंट-भट्ठे पर काम कर रहे मजदूरों को निशाना बनाया।

भाषा हक रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments