scorecardresearch
Tuesday, 25 August, 2026
होमदेशकर्नाटक: मस्जिद के बाहर मांगती थीं भीख, मौत के बाद कमरे से मिले 8.4 लाख रुपये के सिक्के-नोट

कर्नाटक: मस्जिद के बाहर मांगती थीं भीख, मौत के बाद कमरे से मिले 8.4 लाख रुपये के सिक्के-नोट

पुलिस ने बताया कि महिला के दो भाइयों ने पैसे बांट लिए. एक भाई ने 2 लाख रुपये लेकर उस मस्जिद में दान कर दिए, जिसके बाहर वह भीख मांगती थी, जबकि दूसरे भाई ने 6.40 लाख रुपये अपने इस्तेमाल के लिए रख लिए.

Text Size:

नई दिल्ली: कर्नाटक के मांड्या के सबदरबाद मोहल्ले में 69 साल की हूर लगातार दो दिन मस्जिद के सामने भीख मांगने के लिए घर से बाहर नहीं निकलीं तो लोगों को चिंता हुई. आखिरकार, लोगों ने उनका घर तोड़ा. हूर वहां बेहोशी जैसी हालत में पड़ी थीं. उनके पास सिक्कों और नकदी से भरे बोरे थे. बाद में पता चला कि इन बोरों में कुल 8.40 लाख रुपये थे.

मांड्या सब-डिविजन के डिप्टी सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (DSP) एच. लक्ष्मीनारायण प्रसाद ने कहा, “जब स्थानीय लोगों ने उनका घर खोला तो उन्होंने उन्हें बेहोशी की हालत में पड़ा देखा. वे उन्हें स्थानीय अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.”

डीएसपी ने बताया कि हूर के पास सिक्कों और नोटों से भरे कई बोरे थे. उन्होंने दिप्रिंट को बताया कि इसके बाद स्थानीय लोगों ने बेंगलुरु में रहने वाले हूर के दोनों भाइयों को फोन करके उनकी मौत की जानकारी दी.

उन्होंने कहा, “हूर का शव उनके भाइयों को सौंप दिया गया. अंतिम संस्कार के बाद जब वे उनके घर वापस आए तो उन्हें अलग-अलग तरह के सिक्कों और नोटों से भरे कई बोरे मिले, जिनमें कुल 8.40 लाख रुपये थे.”

अधिकारी के मुताबिक, हर बोरे में एक ही तरह के सिक्के या नोट रखे हुए थे. DSP ने कहा, “2 और 5 रुपये के सिक्के और 10 और 50 रुपये के नोट अलग-अलग रखे गए थे.”

अधिकारी ने कहा, “अंतिम संस्कार के दो दिन बाद दोनों भाइयों ने पैसे बांट लिए. एक भाई ने 2 लाख रुपये लिए और उस मस्जिद में दान कर दिए, जिसके सामने वह भीख मांगती थी. दूसरे भाई ने 6.40 लाख रुपये अपने निजी इस्तेमाल के लिए रख लिए.”

पुलिस ने दिप्रिंट को बताया कि इस मामले में कोई केस दर्ज नहीं किया गया है, क्योंकि हूर की मौत या उनके कमरे में मिले पैसों को लेकर कोई आधिकारिक शिकायत नहीं मिली है.

(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)


यह भी पढ़ें: गोवा की महिला से 2.6 करोड़ की साइबर ठगी, ED ने खोला 27,850 करोड़ के मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क का राज


 

share & View comments