नयी दिल्ली, 13 नवंबर (भाषा) भारत में अदालत की अवमानना के लिए सजा पाने वाले पहले कार्यरत न्यायाधीश न्यायमूर्ति सीएस कर्णन का शुक्रवार को निधन हो गया। वह 71 वर्ष के थे।
मद्रास और कलकत्ता उच्च न्यायालयों में सेवाएं दे चुके न्यायमूर्ति कर्णन ने यहां के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके परिवार में पत्नी और दो बेटे हैं।
उनके न्यायिक कार्यकाल के दौरान उच्च न्यायपालिका के साथ एक अभूतपूर्व टकराव देखने को मिला। अपने कार्यकाल में, उन्होंने साथी न्यायाधीशों और कॉलेजियम पर बार-बार भ्रष्टाचार और जातिगत भेदभाव के आरोप लगाए।
यह टकराव मई 2017 में अपने चरम पर पहुंचा जब उच्चतम न्यायालय के तत्कालीन प्रधान न्यायाधीश जे एस खेहर की अध्यक्षता वाली सात न्यायाधीशों की संविधान पीठ ने उन्हें आपराधिक अवमानना का दोषी पाया और छह महीने कारावास की सजा सुनाई।
उच्चतम न्यायालय की यह कार्रवाई तब हुई, जब कर्णन ने अपने ‘आदेश’ में शीर्ष न्यायाधीशों को पांच साल सश्रम कारावास की सजा सुनाई।
न्यायालय द्वारा सजा सुनाए जाने के बाद, कर्णन एक महीने से अधिक समय तक गिरफ्तारी से बचते रहे। आखिरकार जून 2017 में कोलकाता पुलिस ने उन्हें कोयंबटूर से गिरफ्तार किया। यह गिरफ्तारी 12 जून को उनके आधिकारिक रूप से सेवानिवृत्त होने के कुछ ही दिनों बाद हुई थी। न्यायमूर्ति द्वारा सजा पूरी किये जाने के बाद उन्हें दिसंबर 2017 में रिहा किया गया था।
न्यायमूर्ति कर्णन का जन्म तमिलनाडु के कुडलूर जिले के करनाथम गांव में 1955 में हुआ था। उनका मूल नाम करुणानिधि था और उन्होंने 1991 में आधिकारिक तौर पर अपना नाम बदलकर कर्णन रख लिया था।
उन्होंने 1983 में मद्रास विधि महाविद्यालय से कानून की डिग्री हासिल की थी। उन्होंने दीवानी और संवैधानिक मामलों में वकील के तौर पर वकालत की। वर्ष 2009 में उन्हें मद्रास उच्च न्यायालय का न्यायाधीश नियुक्त किया गया और 2016 में उनका तबादला कलकत्ता उच्च न्यायालय में कर दिया गया।
सेवानिवृत्त होने के बाद भी न्यायमूर्ति कर्णन सुर्खियों में रहे। सोशल मीडिया पर प्रसारित कुछ वीडियो में न्यायाधीशों और उनके परिवार की महिला सदस्यों के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणियां करने और धमकियां देते हुए दिखाई देने के बाद चेन्नई पुलिस ने उन्हें दिसंबर 2020 में गिरफ्तार किया।
इसके बाद मद्रास उच्च न्यायालय ने न्यायमूर्ति कर्णन की सेहत और बिना शर्त माफी को संज्ञान में लेते हुए उन्हें जमानत दे दी।
भाषा धीरज माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.