रांची, 30 अक्टूबर (भाषा) झारखंड की राजधानी रांची में शुक्रवार को 15 वर्षीय एक लड़की का शव घर की बालकनी में फंदे से लटका मिला। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, नाबालिग लड़की लोअर बाजार थाना क्षेत्र के डंगराटोली इलाके में एक सेवानिवृत्त प्रोफेसर के घर में घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थी।
लड़की लातेहार जिले के महुआटांड़ गांव की रहने वाली थी।
नगर पुलिस उपाधीक्षक के.वी. रमन ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “लड़की का शव सेवानिवृत्त प्रोफेसर के घर की दूसरी मंजिल की बालकनी में फंदे से लटका मिला। वह पिछले पांच-छह महीने से वहां घरेलू सहायिका के रूप में काम कर रही थी। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।”
पुलिस के अनुसार, शव को पोस्टमार्टम के लिए रांची स्थित रिम्स ले जाया जाएगा।
रमन ने बताया कि नाबालिग लड़की के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और मामले की जांच जारी है।
भाषा जितेंद्र पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.