नयी दिल्ली, 14 अगस्त (भाषा) स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) को 86 वीरता और सेवा पदक मिले, जो केंद्रीय अर्धसैनिक बलों (सीएपीएफ) में सर्वाधिक हैं।
गृह मंत्रालय द्वारा शुक्रवार जारी की गई अधिसूचना के अनुसार, देश के सबसे बड़े अर्धसैनिक बल को 24 वीरता पदक (जीएम), विशिष्ट सेवा के लिए पांच राष्ट्रपति पदक (पीएसएम) और सराहनीय सेवा के लिए 57 पदक (एमएसएम) मिले।
अधिकारियों ने बताया कि ये वीरता पदक 2024 में हुए जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद रोधी दो अभियानों और मणिपुर में विद्रोहियों के खिलाफ एक अभियान के लिए मिले।
उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि बल को रक्षा मंत्रालय की ओर से दिए जाने वाले कुछ वीरता पदक भी मिलेंगे।
पीएसएम पुरस्कार पाने वालों में उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) एम. दिनाकरन भी शामिल हैं।
वह पूर्व में एसपीजी में थे, और अभी चेन्नई के आवडी में सीआरपीएफ भर्ती प्रशिक्षण केंद्र के प्रमुख हैं।
दिनाकरन तीन दशकों से अधिक समय से अर्धसैनिक बल में सेवा दे रहे हैं। वह नक्सल रोधी अभियानों की कमान संभाल चुके हैं और सीआरपीएफ की खुफिया एवं वीआईपी सुरक्षा इकाइयों का नेतृत्व कर चुके हैं।
इस संबंध में एक अधिकारी ने कहा, ‘‘डीआईजी को उनकी लंबी और शानदार सेवा, ईमानदारी, समर्पण और बेहतरीन पेशेवर कामकाज के लिए पीएसएम से सम्मानित किया गया।’’
सीआरपीएफ के बाद दूसरे स्थान पर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) को 20 वीरता पदक और 47 सेवा पदक मिले।
भाषा
नेत्रपाल दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.