सिमडेगा, 30 अक्टूबर (भाषा) झारखंड के सिमडेगा जिले में 15 वर्षीय एक लड़की के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म करने के बाद उसके प्रेमी ने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि 19 वर्षीय आरोपी को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया गया।
उन्होंने बताया कि घटना 24 अक्टूबर को केरसई थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई। लड़की उसी दिन से लापता थी और बुधवार को उसका शव गिरमा नदी के पास एक सुनसान इलाके में मिला।
अधिकारी ने बताया कि मृत लड़की के पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने बृहस्पतिवार को आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और पॉक्सो अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) रणवीर सिंह ने कहा, ”पूछताछ के दौरान आरोपी ने जांचकर्ताओं को बताया कि उसे शक था कि लड़की उसे धोखा दे रही है, इसलिए उसने उसकी हत्या कर दी।”
उन्होंने कहा, ”घटना वाले दिन उसने लड़की को फोन कर नदी किनारे मिलने के लिए बुलाया था। उसके वहां पहुंचने के बाद दोनों के बीच कहासुनी हुई और आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म करने के बाद गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। उसने शव को रेत से ढककर छिपाने की भी कोशिश की।”
वहीं, एक अन्य अधिकारी ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद बृहस्पतिवार को शव परिजनों को सौंप दिया गया।
भाषा राखी नेत्रपाल
नेत्रपाल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.