नई दिल्ली: भगोड़े आतंकवादी सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ को सिख अलगाववादी परमजीत सिंह पम्मा के साथ फोन पर हुई बातचीत में यह कहते हुए सुना जा सकता है, “मुझे सिर्फ एक दुख है: मुझे धर्म के खिलाफ जाने वाला कहा गया है, लेकिन जिन लोगों ने इतना गलत काम किया और लोगों के घर बर्बाद किए, उन्हें शहीद कहा जाता है.” इस बातचीत की रिकॉर्डिंग सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है.
इसके बाद पम्मा को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि हरदीप सिंह निज्जर वास्तव में “शहीद” होगा क्योंकि उसे सरकार और उसके आदेश पर मारा गया था.
फोन पर हुई बातचीत की शुरुआत में बराड़ ने हरदीप सिंह निज्जर की हत्या करने की बात कबूल की. निज्जर को भी बराड़ की तरह आतंकवादी घोषित किया गया था और वह आतंकी संगठन खालिस्तान टाइगर फोर्स (KTF) का प्रमुख था.
जून 2023 में कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया में एक गुरुद्वारे के बाहर निज्जर की हत्या कर दी गई थी. इसके बाद ओटावा और नई दिल्ली के बीच बड़ा कूटनीतिक विवाद शुरू हो गया था. उस समय कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने भारतीय सरकार के एजेंटों पर हमले को अंजाम देने का आरोप लगाया था. भारत ने इन आरोपों को खारिज कर दिया था. निज्जर की हत्या को लेकर दोनों देशों ने कूटनीतिक तनाव बढ़ने के बीच अपने-अपने उच्चायुक्तों को भी निष्कासित कर दिया था.
बराड़ क्लिप में कहता है, “जो 16-17 साल के बच्चों को ड्रग्स बेचने के लिए तैयार करते और भड़काते थे…जो युवाओं को ड्रग्स बेचने और मुखबिर बनने के लिए ब्लैकमेल करते थे…निज्जर ने इन लोगों को तैयार किया और मजबूत किया, ताकि ज़रूरत पड़ने पर वह उनका इस्तेमाल कर सके.”
बराड़ आगे कहता है, “एक अच्छे इंसान को भी अपने बुरे कामों के नतीजे भुगतने पड़ते हैं.”
“कोई यह नहीं कह सकता कि बराड़ कभी हेरोइन के कारोबार में शामिल रहा है. अगर कोई यह साबित कर दे कि मैं इस तरह के किसी काम में शामिल था, तो मैं अपना सिर मुंडवा लूंगा.”
पम्मा के साथ हुई इस बातचीत में बराड़ ने अपने और जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के बीच फर्क बताने की भी कोशिश की. उसने कहा कि वह ये सभी “सफाई” इसलिए दे रहा है क्योंकि उसे इस बात की शिकायत थी कि उसे समुदाय का खलनायक कहा गया, जबकि निज्जर को “शहीद” बताया गया.
बराड़ पम्मा से कहता है, “लॉरेंस ने शायद कुछ लोगों को अपने साथ लिया हो, लेकिन मैं आपको अपने मकसद बता रहा हूं. वह खुद अपने बारे में बता सकता है. एक काम के लिए एक ही गाड़ी में बैठे पांच लोगों के अलग-अलग मकसद हो सकते हैं. मैं सरकार का मोहरा नहीं हूं, वरना मेरा परिवार जेल में क्यों होता?” पम्मा कम से कम तीन दशकों से यूनाइटेड किंगडम में रह रहा है.
दोनों ने KTF के वास्तविक प्रमुख माने जाने वाले अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श डल्ला के बारे में भी बात की. बराड़ ने कहा कि डल्ला और सुखदूल सिंह गिल की जोड़ी ने पंजाब के बहुत से युवाओं को गुमराह किया और उन्हें ब्लैकमेल किया. पम्मा ने बराड़ की बात का समर्थन करते हुए जवाब दिया, “मैं आपको बता रहा हूं कि ये दोनों बुरे लोग हैं.”
बराड़ ने 2021-22 की एक घटना का जिक्र किया. उसने बताया कि उसके गृह जिले मोगा का एक युवक स्नैपचैट के जरिए डल्ला के संपर्क में आया था. बराड़ पम्मा से कहता है, “अर्श दल्ला ने उस लड़के से कहा कि उसे प्रोटीन पाउडर का एक पैकेट मिलेगा और उसने उससे कहा कि वह इसे फरीदकोट जेल में किसी को दे दे.”
बराड़ कहता है, “उसने उसे वीडियो कॉल पर बॉक्स खोलने को कहा और दल्ला ने उस कॉल के स्क्रीनशॉट ले लिए. जब पैकेज में प्रोटीन नहीं बल्कि ग्रेनेड होने की बात सामने आने के बाद युवक ने इस योजना पर आपत्ति जताई, तो दल्ला ने उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया और उसे इलाके का CIA प्रभारी भी बताया.”
बराड़ का कहना है कि उस युवक का एक साल तक कई गैरकानूनी गतिविधियों में इस्तेमाल किया गया. बाद में उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और वह अभी भी जेल में बंद है.
बराड़ पम्मा से कहता है, “ये लोग समुदाय के शहीद नहीं हो सकते. यह पता करो कि निज्जर पंजाब और कश्मीर में कितनी ड्रग्स और हथियार और गोला-बारूद भेज रहा था, इन चीज़ों की पुष्टि करो.” बराड़ पम्मा से कहता है. अपने छोटे भाई गुरलाल बराड़ के बारे में बराड़ कहता है, “मेरा छोटा भाई, जो गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल था…मैं मानता हूं, लेकिन उसने किसी को नहीं मारा और न ही किसी को नुकसान पहुंचाया.” गुरलाल बराड़ की 2020 में चंडीगढ़ में हत्या कर दी गई थी.
बराड़ आगे कहता है कि वह अगस्त 2017 में कनाडा गया था और अक्टूबर 2020 तक उसने कोई आपराधिक काम नहीं किया था.
बराड़ कहता है, “इसी गैंग का हिस्सा होने के बावजूद मैंने यहां अपना गुजारा करने के लिए फर्श साफ किए हैं. कोई यह नहीं कह सकता कि मैं किसी आपराधिक काम या जबरन वसूली में शामिल था.” बराड़ आगे कहता है, “लेकिन जब कोई आपके भाई को मार देता है, तो खून खौलने लगता है. फिर आपको कुछ समझ नहीं आता और आप उन लोगों को मारना चाहते हैं जो आपके दुश्मनों को पनाह देते हैं.”
(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
यह भी पढ़ें: शीरे से बनी व्हिस्की, फ्लेवर वाली रम: भारत की शराब इंडस्ट्री का छिपा सच