scorecardresearch
Thursday, 16 July, 2026
होमदेशUS के यूटा मॉल में हैदराबाद के शख्स पर जानलेवा हमला, पत्नी बोलीं— 'मुस्लिम होने की वजह से हमला हुआ'

US के यूटा मॉल में हैदराबाद के शख्स पर जानलेवा हमला, पत्नी बोलीं— ‘मुस्लिम होने की वजह से हमला हुआ’

सैयद सोहेलउद्दीन के परिवार का कहना है कि एक मॉल में कई बार चाकू मारे जाने के बाद उनका इलाज चल रहा है. एक रिश्तेदार ने बताया कि उनकी कॉलरबोन, पीठ और पसलियों पर चाकू से 15 ज़ख्म हुए हैं.

Text Size:

नई दिल्ली: अमेरिका के यूटा राज्य में 13 जुलाई को एक मॉल में कई बार चाकू से हमला झेलने वाले हैदराबाद के रहने वाले एक व्यक्ति को उसके धर्म की वजह से निशाना बनाया गया. यह दावा उसके परिवार ने किया है. 37 साल के सैयद सोहैलुद्दीन पर वैली फेयर मॉल में हमला हुआ, जहां वह काम करते थे. परिवार के मुताबिक, उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है.

वेस्ट वैली सिटी पुलिस विभाग ने एक बयान में कहा कि 13 जुलाई को दोपहर करीब 3 बजे एक आरोपी वैली फेयर मॉल में एक कियोस्क पर काम कर रहे कर्मचारी के पास पहुंचा.

पुलिस ने कहा, “थोड़ी देर बातचीत के बाद आरोपी ने चाकू निकाला और उस पर कई बार हमला कर दिया. वहां मौजूद कुछ लोगों ने बीच-बचाव किया और आरोपी को पीड़ित से अलग कर उसे काबू में रखा, जब तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंच गई.”

पुलिस ने बताया कि पीड़ित का अस्पताल में ऑपरेशन किया गया और आरोपी पुलिस हिरासत में है. “जनता के लिए किसी तरह का खतरा नहीं है.”

पुलिस ने यह भी कहा कि वे “हमले के संभावित कारणों और आरोपी व पीड़ित के बीच किसी तरह के संबंध” की जांच कर रहे हैं.

‘मुस्लिम होने की वजह से हमला किया गया’

सोहैल की पत्नी अमरीन फिरदौस, जो यूटा में इंजीनियरिंग की छात्रा हैं, ने दिप्रिंट से कहा कि उनके पति पर धर्म की वजह से हमला किया गया.

उन्होंने कहा, “सोहैल पर इसलिए हमला हुआ क्योंकि वह मुस्लिम हैं. मामले की जांच कर रहे जासूस ने बताया कि आरोपी ने पुलिस को दिए अपने बयान में कहा है कि उसने धर्म की वजह से उन्हें निशाना बनाया. यह बहुत डरावना और चौंकाने वाला है. कोई इतनी बेरहमी कैसे कर सकता है?”

उन्होंने बताया कि उनके पति एक साल पहले काम के लिए अमेरिका गए थे.

अमरीन ने कहा, “हमारी जिंदगी अच्छी चल रही थी. मेरे पति मॉल में काम कर रहे थे और हमारे दो बच्चों की देखभाल हो रही थी. लेकिन सोमवार को सब कुछ बदल गया.”

अमरीन ने बताया कि घटना वाले दिन आरोपी ने सोहैल से पानी की एक बोतल मांगी.

उन्होंने कहा, “सोहैल ने उससे कहा कि वह उसे पानी ला देंगे. तभी अचानक आरोपी ने उनका नाम और पूछा कि वह कहां से हैं. सोहैल ने जवाब दिया कि वह भारतीय हैं. इसके बाद आरोपी एक कदम पीछे हटा, चाकू निकाला, कहा ‘तुम लोग इसके हकदार हो’ और उन पर कई बार चाकू से हमला कर दिया.”

सोहैल ने अपने हाथों से चाकू पकड़ने की कोशिश की.

अमरीन ने कहा, “उन्होंने हमलावर से यह भी पूछा कि उन्होंने क्या किया है, उन्हें क्यों मारा जा रहा है, लेकिन वह नहीं रुका. उनके सहकर्मी वाजिद उन्हें बचाने आए, लेकिन उन पर भी हमला किया गया. आखिरकार कुछ देर बाद आरोपी को काबू कर लिया गया. तब तक सोहैल बेहोश हो चुके थे. उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया.”

अमरीन, जो अमेरिका में अकेली हैं, ने बताया कि उनके पति को आईसीयू में भर्ती किया गया.

उन्होंने कहा, “बुधवार को उनके हाथ का ऑपरेशन हुआ. उनकी दो नसें क्षतिग्रस्त हो गई हैं. उन्हें ठीक होने में कम से कम छह महीने लगेंगे. उनके पूरे शरीर पर करीब 40-50 टांके लगे हैं. उन्हें कुछ समय तक डॉक्टरों की निगरानी में रखा जाएगा.”

इस घटना से हैदराबाद में सोहैल के इलाके के लोग भी सदमे में हैं.

उनके एक रिश्तेदार ने दिप्रिंट को बताया कि सोहैल के कॉलर बोन, पीठ और पसलियों के पास 15 जगह चाकू के घाव लगे हैं. उनके पेट के निचले हिस्से से काफी खून बहा था.

मेडिकल इंश्योरेंस नहीं, सहकर्मियों ने जुटाए पैसे

अमरीन ने बताया कि सोहैल के पास मेडिकल इंश्योरेंस नहीं है. अब मॉल में उनके साथ काम करने वाले लोगों ने इलाज के खर्च के लिए उनके नाम पर GoFundMe पर फंड जुटाने की मुहिम शुरू की है.

फंडरेजर में लिखा गया है, “सोहैल एक समर्पित पति और पिता हैं, जिन्होंने हमेशा अपने परिवार के लिए कड़ी मेहनत की है. हाल ही में वह एक बेहद भयानक हेट क्राइम का शिकार हुए, जिसमें उन्हें 15 से ज्यादा बार चाकू मारा गया. फिलहाल उनकी हालत गंभीर है. उनके हाथ, दिल और फेफड़ों की कई सर्जरी होनी हैं. उनके सामने लंबा और मुश्किल इलाज है और उनका परिवार उनकी सेहत को लेकर बेहद चिंतित है.”

इसमें आगे लिखा गया है, “सोहैल के पास स्वास्थ्य बीमा नहीं है. आपातकालीन इलाज, सर्जरी और आगे होने वाली फिजियोथेरेपी का खर्च बहुत ज्यादा है. परिवार की जिम्मेदारी मुख्य रूप से सोहैल पर थी. उनके अस्पताल में होने की वजह से परिवार भावनात्मक और आर्थिक दोनों तरह से मुश्किल में है.”

गुरुवार शाम तक GoFundMe अभियान में 3 लाख डॉलर के लक्ष्य में से 2 लाख 41 हजार डॉलर से ज्यादा की राशि जुटाई जा चुकी थी.

भारत में मौजूद सोहैल का परिवार उनसे मिलने की कोशिश कर रहा है और इस मामले में मदद के लिए भारत सरकार से संपर्क किया है.

सैन फ्रांसिस्को स्थित भारत के महावाणिज्य दूतावास ने गुरुवार को कहा कि यूटा में एक भारतीय नागरिक पर हुए चाकू से हमले की घटना से उसे दुख पहुंचा है.

दूतावास ने कहा, “हम पीड़ित के दोस्तों और परिवार के लगातार संपर्क में हैं और हर संभव काउंसुलर सहायता देने के लिए तैयार हैं. हम स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में हैं और मामले पर लगातार नजर बनाए हुए हैं.”

यूटा इस्लामिक सेंटर ने भी गुरुवार को एक बयान जारी किया.

उसमें कहा गया, “कानून लागू करने वाली एजेंसियों के मुताबिक आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया था. उसने कथित तौर पर कहा कि भाई सोहैल को इसलिए निशाना बनाया गया क्योंकि वह मुस्लिम हैं.”

सेंटर ने उन लोगों का धन्यवाद किया जिन्होंने सोहैल की मदद की.

बयान में कहा गया, “उन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर बीच-बचाव किया और भाई सोहैल की जान बचाई. उनका साहस यूटा समुदाय की सबसे अच्छी मिसाल है. यूटा में नफरत की कोई जगह नहीं है. हर व्यक्ति को अपने धर्म या पहचान की वजह से डर के बिना जीने, काम करने और पूजा करने का अधिकार है.”

share & View comments