scorecardresearch
Monday, 19 October, 2026
होमदेशमुनंबम के निवासियों के साथ मानवीय दृष्टिकोण अपनाया जाए: वक्फ बोर्ड प्रमुख

मुनंबम के निवासियों के साथ मानवीय दृष्टिकोण अपनाया जाए: वक्फ बोर्ड प्रमुख

Text Size:

कोझिकोड, 19 अक्टूबर (भाषा) केरलम राज्य वक्फ बोर्ड के नवनियुक्त अध्यक्ष एम सी मायिन हाजी ने सोमवार को कहा कि मुनंबम के निवासियों को बेदखल नहीं किया जाना चाहिए और उनके साथ मानवीय दृष्टिकोण अपनाया जाना चाहिए।

एर्नाकुलम जिले के तटीय गांव मुनंबम में 600 से अधिक परिवार करीब 400 एकड़ जमीन को लेकर जारी विवाद से प्रभावित हैं। वक्फ बोर्ड इस जमीन पर अपना दावा करता है।

हालांकि, स्थानीय निवासियों का कहना है कि उन्होंने यह जमीन फारूक कॉलेज प्रबंधन समिति से खरीदी थी और वे दशकों से वहां रह रहे हैं।

यह मुद्दा 2025 के स्थानीय निकाय चुनाव और इस साल हुए विधानसभा चुनाव के दौरान प्रमुखता से उठाया गया था।

पिछले सप्ताह राज्य सरकार ने राज्य वक्फ बोर्ड का पुनर्गठन करते हुए इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के नेता मायिन हाजी की अध्यक्षता में नौ सदस्यीय नया बोर्ड गठित किया था।

हाजी ने फेसबुक पर एक पोस्ट में कहा, “मेरा यह विचार नहीं है कि मुनंबम के निवासियों को बेदखल किया जाना चाहिए। मेरी इच्छा है कि उनके साथ मानवीय दृष्टिकोण अपनाया जाए।”

उन्होंने कहा कि यह मामला अदालत में लंबित है और वक्फ बोर्ड के विचाराधीन नहीं है।

हाजी ने कहा, “अदालत में लंबित मामले में दी जा रही दलीलों पर बोर्ड के अध्यक्ष के रूप में टिप्पणी करना अदालत में विचाराधीन मामले पर टिप्पणी करने के समान होगा।”

उन्होंने कहा कि मुनंबम मामले पर फैसला लेने का अधिकार राज्य सरकार और अदालत को है तथा उनके द्वारा किए गए किसी भी फैसले का वक्फ बोर्ड समर्थन करेगा।

भाषा अमित अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments