नयी दिल्ली, 15 अक्टूबर (भाषा) दिल्ली के कई इलाकों में बृहस्पतिवार को भारी बारिश एवं जलभराव के कारण यातायात व्यवस्था चरमरा गई। प्रमुख सड़कों और चौराहों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
इंडिया गेट, आईटीओ, मंडी हाउस और दक्षिण दिल्ली सहित कई क्षेत्रों में कारों, बसों और तिपहिया वाहनों की कतारें देखी गयी। कई मार्गों पर यातायात बेहद धीमा रहा, जबकि कुछ जगहों पर वाहन काफी देर तक फंसे रहे। जाम से परेशान लोगों ने सोशल मीडिया पर शिकायतें कर यातायात पुलिस से हस्तक्षेप की मांग की।
मंडी हाउस सर्कल पर वाहन एक-दूसरे के बेहद करीब खड़े दिखाई दिए। यात्रियों ने आरोप लगाया कि वहां यातायात नियंत्रित करने के लिए कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था। इंडिया गेट सर्कल पर भी भारी जाम की सूचना मिली। एक यात्री ने दावा किया कि यातायात करीब 30 मिनट से रुका हुआ था।
आईटीओ के आसपास विकास मार्ग और आईटीओ से उच्चतम न्यायालय तथा भारत मंडपम को जोड़ने वाली सड़कों पर भी जाम लगा रहा। उच्चतम न्यायालय के पास भी यातायात का दबाव देखा गया।
दक्षिण दिल्ली में चिराग दिल्ली लालबत्ती से आईआईटी दिल्ली और हौज खास की ओर जाने वाली सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। आश्रम फ्लाईओवर से सराय काले खां और सनलाइट कॉलोनी की ओर जाने वाले मार्ग पर भी जाम की शिकायतें मिलीं।
ओखला फेज-1 के पास अतिक्रमण और फुटपाथों पर रखी निर्माण सामग्री को भी जाम का कारण बताया गया।
मॉडल टाउन में स्कूलों की छुट्टी के समय जलभराव के कारण यातायात प्रभावित हुआ। मंडी हाउस, गीता कॉलोनी, पालम और एम्स के आसपास भी जाम की सूचना मिली। एक शिकायत के जवाब में यातायात पुलिस ने बताया कि आवश्यक कार्रवाई के लिए मामला संबंधित यातायात सर्किल को भेज दिया गया है।
इस बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने राजधानी में मध्यम बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है।
भाषा राखी रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.