scorecardresearch
Saturday, 15 August, 2026
होमदेशहाथरस में सरकारी वाहन की टक्कर से दादा-पौत्र की मौत, एक अन्य घायल

हाथरस में सरकारी वाहन की टक्कर से दादा-पौत्र की मौत, एक अन्य घायल

Text Size:

हाथरस (उप्र), 14 अगस्त (भाषा) हाथरस जंक्शन कोतवाली क्षेत्र के सलेमपुर गांव के पास शुक्रवार शाम तेज गति से गुजर रहे सरकारी वाहन (बोलेरो) की टक्कर से मोपेड सवार एक व्यक्ति और उसके छह साल के पौत्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक गांव ठूलई निवासी सुभाष चंद्र (56) अपने पौत्र दक्ष (6) को चाउमीन खिलाने के लिए सलेमपुर गए थे। वापस लौटते समय गांव का ही सोनू (38) भी उनके साथ मोपेड पर बैठ गया।

सलेमपुर से ठूलई लौटते समय जब मोपेड सड़क को पार कर रही थी, तभी हाथरस से सिकंदराराऊ की ओर जा रहे सरकारी वाहन (जिसपर ‘मजिस्ट्रेट’ लिखा था) ने मोपेड को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सुभाष चंद्र और दक्ष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सोनू गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल सोनू को बागला जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।

सदर के उप ज़िलाधिकारी (एसडीएम) राजबहादुर सिंह ने जिला अस्पताल पहुंचकर जानकारी ली। उन्होंने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति घायल हुआ है।

थाना हाथरस जंक्शन के प्रभारी ललित कुमार ने बताया कि टक्कर नायब तहसीलदार अशोक गुप्ता की सरकारी गाड़ी से हुई है। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

प्रत्यक्षदर्शी दर्शन ने आरोप लगाया कि हादसे के समय बोलेरो की गति बहुत तेज थी। गाड़ी में सवार अधिकारी ने घायलों की मदद नहीं की और पद की गर्माहट दिखाते हुए मौके से निकल गए।

पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

भाषा सं आनन्द

संतोष

संतोष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments