नयी दिल्ली, 15 अक्टूबर (भाषा) केंद्र सरकार के कई विभाग एक दिवसीय अभियान चलाकर अपने सभी संबद्ध और अधीनस्थ कार्यालयों में स्वच्छता और निपटान गतिविधियों के लिए एक दिन का विशेष अभियान चलाएंगे। केंद्रीय कार्मिक मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को एक बयान में यह जानकारी दी।
यह पहल सरकार द्वारा शुरू किए गए विशेष अभियान 6 का हिस्सा है। इस अभियान में प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है।
मंत्रालय के बयान के अनुसार 30 सितंबर, 2026 को प्रारंभिक चरण के सफल समापन के बाद कार्यान्वयन चरण 2 अक्टूबर, 2026 को आरंभ हुआ और 31 अक्टूबर 2026 तक जारी रहेगा।
इसमें कहा गया कि कार्यान्वयन के पहले दो सप्ताह में सरकार के मंत्रालयों/विभागों ने स्वच्छता के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने और लंबित मामलों के निपटान के लिए अभिनव, नागरिक-केंद्रित और टिकाऊ पहल करते हुए उल्लेखनीय उत्साह दिखाया है।
वक्तव्य के अनुसार अभियान के कार्यान्वयन चरण की प्रगति की समीक्षा के लिए स्वच्छता और लंबित मामलों के निपटान हेतु विशेष अभियान 6 के नोडल अधिकारियों के साथ तीसरी बैठक डीएआरपीजी की सचिव निवेदिता शुक्ला वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक में 84 मंत्रालयों/विभागों, उनके सार्वजनिक उपक्रमों और क्षेत्रीय कार्यालयों का प्रतिनिधित्व करने वाले 240 से अधिक स्थानों से 600 से अधिक अधिकारियों ने वर्चुअल रूप से भाग लिया। बैठक के दौरान, डीएआरपीजी के अपर सचिव पुनीत यादव ने जारी अभियान की प्रगति प्रस्तुत की और मंत्रालयों/विभागों द्वारा की गई अभिनव पहलों पर प्रकाश डाला।
भाषा वैभव नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.