scorecardresearch
Thursday, 15 October, 2026
होमदेशअश्लील वीडियो के ज़रिए ब्लैकमेल कर ठगी करने गिरोह का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार

अश्लील वीडियो के ज़रिए ब्लैकमेल कर ठगी करने गिरोह का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार

Text Size:

नयी दिल्ली, 15 अक्टूबर (भाषा) दिल्ली पुलिस ने अश्लील वीडियो कॉल के जरिए लोगों को ब्लैकमेल कर पैसे ऐंठने वाले मेवात के एक साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस की वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपियों को एक गुरुद्वारे के सेवादार को अश्लील वीडियो के जरिए ब्लैकमेल कर 14.63 लाख रुपये से अधिक की ठगी करने के मामले में गिरफ्तार किया गया है।

उत्तर दिल्ली की पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) निहारिका भट्ट ने बताया कि आरोपियों की पहचान राजस्थान के डीग जिले के जुर्हेरा निवासी इमरान खान (28), पंजाब के लुधियाना निवासी समद खान (32) और तसलीम राजा (32) तथा राजस्थान के अलवर निवासी अंकित सेन के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि जांच में पता चला कि इमरान इस गिरोह का प्रमुख सदस्य है और समद खान एवं तसलीम राजा ऑनलाइन गेम ‘पबजी’ के जरिए उसके संपर्क में आए थे।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने शिकायतकर्ता मनजीत सिंह को व्हाट्सऐप पर वीडियो कॉल की और उस पर अश्लील वीडियो चला दी। उन्होंने दूसरे फोन से कॉल की रिकॉर्डिंग भी कर ली। इसके बाद आरोपी गुरुग्राम पुलिस एवं यूट्यूब प्रतिनिधि बनकर उनसे संपर्क किया।

उन्होंने बताया कि उनलोगों ने अश्लील वीडियो देखने के मामले में प्राथमिकी दर्ज कराने और गिरफ्तार किये जाने की धमकी दी। पुलिस ने बताया कि वीडियो को यूट्यूब, फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया मंचों से हटाने तथा प्राथमिकी से नाम निकलवाने के नाम पर पैसे मांगे गए।

पुलिस ने बताया कि दबाव में आकर शिकायतकर्ता ने 11 से 27 सितंबर 2025 के बीच अपने और अपने भतीजे के बैंक खातों से आरोपियों को कुल 14,63,999 रुपये भेज दिए।

उन्होंने बताया कि एक रिश्तेदार से घटना की चर्चा के बाद उन्होंने साइबर पुलिस और राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन और छह सिम कार्ड बरामद किए हैं। उन्होंने बताया कि जांच में संदिग्ध बैंक खातों से विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी की 15 शिकायतें जुड़ी मिली हैं, जिनमें एक करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी का पता चला है।

उन्होंने बताया कि मामले की आगे जांच जारी है।

भाषा नोमान नोमान रंजन

रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments