नई दिल्ली: भारतीय एयरपोर्ट पर विदेश जाने वाले यात्रियों के बोर्डिंग पास पर इमिग्रेशन क्लियरेंस के लिए मुहर लगाने की प्रक्रिया 1 सितंबर से खत्म कर दी जाएगी. अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी. इस कदम का मकसद यात्रियों के लिए इमिग्रेशन की प्रक्रिया को आसान और सुविधाजनक बनाना है.
अधिकारियों ने बताया कि इमिग्रेशन काउंटर पर इलेक्ट्रॉनिक और फिजिकल, दोनों तरह के बोर्डिंग पास स्वीकार किए जाते रहेंगे.
एक अधिकारी ने कहा, “फिजिकल बोर्डिंग पास के साथ-साथ इमिग्रेशन काउंटर पर ई-बोर्डिंग पास भी स्वीकार किए जाएंगे. बोर्डिंग पास पर मुहर लगाने की प्रक्रिया खत्म कर दी गई है.”
गृह मंत्रालय (MHA) के तहत आने वाले ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन (BOI) ने एयरपोर्ट अधिकारियों को इस फैसले की जानकारी दे दी है. यह फैसला यात्रियों की उन शिकायतों के बाद लिया गया है, जिनमें कहा गया था कि बोर्डिंग पास पर फिजिकल मुहर लगाने की मौजूदा प्रक्रिया से उन्हें परेशानी होती है.
नई व्यवस्था के तहत अंतरराष्ट्रीय यात्री इमिग्रेशन क्लियरेंस के दौरान अपने स्मार्टफोन पर ई-बोर्डिंग पास दिखा सकेंगे. वहीं, प्रिंटेड बोर्डिंग पास लेकर आने वाले यात्रियों को भी उनका इस्तेमाल करने की अनुमति होगी.
इस कदम से इमिग्रेशन प्रक्रिया को आसान बनाने और एयरपोर्ट पर बोर्डिंग पास पर फिजिकल मुहर लगाने की जरूरत कम होने की उम्मीद है.