ठाणे, 28 अक्टूबर (भाषा) महाराष्ट्र में नवी मुंबई के एक गांव में बुधवार सुबह भीषण आग लगने से चार झोपड़ी जलकर खाक हो गईं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ लेकिन झोपड़ियों के अंदर रखा घरेलू सामान और चार वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि वाशी-बेलापुर मार्ग पर पाम बीच रोड के किनारे करावे गांव स्थित झोपड़ियों में सुबह छह बजकर 15 मिनट पर आग लग गई।
नवी मुंबई नगर निगम के दमकल अधिकारी पुरुषोत्तम जाधव ने बताया कि सूचना मिलने के बाद दमकलकर्मी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और सुबह आठ बजे तक आग पर काबू पा लिया।
उन्होंने बताया कि आग के कारण झोपड़ियों के अंदर रखा सारा घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया तथा पास में खड़ी एक इलेक्ट्रिक बाइक और एक स्कूटर भी जलकर खाक हो गए तथा एक चौपहिया वाहन एवं एक ऑटो-रिक्शा को भी भारी नुकसान पहुंचा।
उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
भाषा तान्या सिम्मी
सिम्मी
सिम्मी
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.