कोलकाता, 14 अगस्त (भाषा) पश्चिम बंगाल विधानसभा में तृणमूल कांग्रेस के पूर्व मुख्य सचेतक निर्मल घोष को शुक्रवार को जबरन वसूली के एक मामले में आठ दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
आर.जी. कर अस्पताल में महिला चिकित्सक से बलात्कार और उसकी हत्या के बाद शव का ‘‘जल्दबाजी में अंतिम संस्कार’’ करने एवं जबरन वसूली के मामले में शामिल होने के आरोप में घोष को बृहस्पतिवार को ओडिशा के बालासोर स्थित एक होटल से पकड़ा गया था।
पनिहाटी के पूर्व विधायक के चालक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि घोष ने धमकी देकर उसका इनामी लॉटरी टिकट छीन लिया।
उत्तर 24 परगना ज़िले की बैरकपुर उपमंडल अदालत ने जबरन वसूली मामले में घोष को आठ दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।
घोष के वकील ने कहा कि आर.जी. कर अस्पताल की चिकित्सक के ‘‘जल्दबाजी में किए गए अंतिम संस्कार’’ से जुड़े मामले में अदालत ने तृणमूल नेता को ज़मानत दे दी।
वकील ने कहा कि अगस्त 2024 में चिकित्सक के अंतिम संस्कार को लेकर उन पर लगे आरोपों की जांच पहले से ही दूसरी जांच एजेंसी सीबीआई कर रही है। यह जांच कलकत्ता उच्च न्यायालय के उस आदेश के तहत हो रही है जिसमें चिकित्सक से बलात्कार और उसकी हत्या में किसी बड़ी साजिश के आरोपों की जांच करने को कहा गया था।
उन्होंने दावा किया कि जब कोई दूसरी एजेंसी जांच कर रही हो, तो राज्य पुलिस उसमें दखल नहीं दे सकती।
वकील ने कहा कि अदालत ने जहां जबरन वसूली के मामले में घोष को आठ दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया, वहीं ‘‘जल्दबाजी में अंतिम संस्कार’’ से जुड़े मामले में पूर्व विधायक को ज़मानत मिल गई।
उन्होंने कहा कि घोष जांच एजेंसी के समन पर सीबीआई की विशेष जांच टीम (एसआईटी) के सामने पहले ही पेश हो चुके हैं।
घोष पर जान से मारने या गंभीर शारीरिक नुकसान पहुँचाने की धमकी देकर जबरन वसूली करने, संगठित अपराध और आपराधिक धमकी देने का आरोप लगाया गया है।
जब सुरक्षाकर्मी घोष को बैरकपुर उपमंडल अदालत में पेश करने के लिए खारदाह थाने के बाहर बंदी वाहन तक ले जा रहे थे, तो गुस्साई भीड़ ने उनके साथ मारपीट की।
घोष पर भीड़ ने जूते, अंडे और यहाँ तक कि कीचड़ भी फेंका, जबकि पुलिस और आरएफ के जवान उन्हें घेरे हुए थे तथा उन्हें हेलमेट पहनाया हुआ था।
बैरकपुर अदालत में, जब पुलिस आरोपी को अदालत परिसर स्थित हवालात में ले जा रही थी, तो वहां मौजूद लोगों ने ‘‘चोर, चोर’’ के नारे लगाए।
भाषा नेत्रपाल नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.