शिवमोगा (कर्नाटक), 19 अक्टूबर (भाषा) कर्नाटक के पूर्व उपमुख्यमंत्री के. एस. ईश्वरप्पा ने सोमवार को आरोप लगाया कि उन्हें धमकी भरे दो फोन कॉल आए हैं और मामले की जांच की मांग करते हुए उन्होंने पुलिस से संपर्क किया है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से निष्कासित नेता ईश्वरप्पा ने यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उन्हें 17 अक्टूबर को रात आठ बजकर 49 मिनट और रात 10 बजकर 49 मिनट पर दो फोन कॉल आए थे।
पुलिस ने बताया कि उसे इस संबंध में शिकायत मिली है और मामले की जांच की जा रही है।
ईश्वरप्पा ने आरोप लगाया कि दोनों बार फोन करने वालों के बात करने का तरीका धमकी भरा लग रहा था। उन्होंने कहा कि उन्होंने इस मामले की जानकारी जिला पुलिस अधीक्षक को दी है और अधिकारियों से कॉल करने वालों की पहचान कर उचित कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने विशेष रूप से सुरक्षा की मांग नहीं की है। इस बारे में फैसला सरकार को करना है। हालांकि, मामले की जांच होनी चाहिए और दोनों व्यक्तियों की पहचान करने के बाद उनके खिलाफ उचित कार्रवाई की जानी चाहिए।’’
ईश्वरप्पा ने बताया कि इससे पहले भी उन्हें इसी तरह के धमकी भरे फोन आए थे और उन मौकों पर भी उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।
उन्होंने कहा कि पुलिस ने उन्हें आश्वासन दिया है कि मामले की तत्काल जांच की जाएगी।
भाषा गोला रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.