रांची, 30 अक्टूबर (भाषा) झारखंड के हजारीबाग जिले के एक होटल में बृहस्पतिवार को हुई गोलीबारी समेत कई घटनाओं में कथित रूप से शामिल एक गिरोह के पांच सदस्यों को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार किया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के साथ मुठभेड़ के दौरान गिरोह के एक सदस्य के पैर में गोली लग गई। वह गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रहा था।
रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन ने कहा, “हमने कुख्यात राहुल दुबे गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनमें से चार को रांची में रिंग रोड पर उनकी कार रोककर हिरासत में लिया गया। उनके कब्जे से दो पिस्तौल और एक मैगजीन बरामद की गई। पूछताछ के दौरान उन्होंने बृहस्पतिवार रात हजारीबाग के होटल में गोलीबारी करने की बात स्वीकार की।”
उन्होंने बताया कि हिरासत में लिए गए आरोपियों से उनके एक साथी के बारे में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस उसे गिरफ्तार करने के लिए उन्हें धुर्वा थाना क्षेत्र के सिठियो इलाके में लेकर गई।
एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस को देखते ही एक आरोपी ने पुलिसकर्मियों पर गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। उन्होंने बताया कि घायल आरोपी का रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में इलाज कराया जा रहा है।
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि घायल आरोपी के पास से भी एक पिस्तौल बरामद की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों ने कथित तौर पर हजारीबाग के मटवारी इलाके स्थित एक होटल में गोलीबारी की थी। इस घटना में एक सुरक्षाकर्मी और होटल के अन्य कर्मचारी बाल-बाल बच गए थे।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, “हमलावर एक कार से मौके पर पहुंचे और होटल के प्रवेश द्वार पर पहुंचते ही अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। इससे दरवाजे का शीशा टूट गया, जबकि सुरक्षाकर्मी और अन्य कर्मचारी बाल-बाल बच गए।”
हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने कहा, “प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि आरोपियों ने होटल मालिक को डराने और उससे रंगदारी वसूलने के इरादे से गोलीबारी की थी।”
भाषा राखी खारी
खारी
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.