गुरुग्राम: गुरुग्राम में रिटायर्ड भारतीय वायुसेना (IAF) ग्रुप कैप्टन पर कथित हमले के मामले में FIR दर्ज की गई है. पुलिस के मुताबिक, मामले में गाली-गलौज, मारपीट और फ्रैक्चर होने के आरोप लगाए गए हैं.
यह घटना 10 सितंबर को सेक्टर-65 थाना क्षेत्र के सिग्नेचर मैग्नम में हुई. रिटायर्ड IAF ग्रुप कैप्टन अमित कुमार गुप्ता अपने परिवार के साथ एक रेस्टोरेंट गए थे. पुलिस के अनुसार, उनकी गाड़ी की पार्किंग को लेकर पार्किंग स्टाफ से उनका विवाद हुआ.
गुरुग्राम के ACP अभिलक्ष जोशी ने बताया कि CCTV फुटेज के जरिए घटना में शामिल आरोपियों की पहचान कर ली गई है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने कहा कि पार्किंग स्टाफ और रिटायर्ड कैप्टन गुप्ता के बीच विवाद हुआ था. उनकी शिकायत के आधार पर FIR दर्ज की गई है और नियमों के मुताबिक कार्रवाई की जा रही है.
पुलिस के मुताबिक, गुप्ता ने रेस्टोरेंट के पास परिवार के एक सदस्य को उतारा था. इसके बाद वह पार्किंग में गए, जहां गाड़ी खड़ी करने को लेकर पार्किंग स्टाफ से विवाद हो गया. आरोप है कि इसी दौरान रिटायर्ड अधिकारी के साथ मारपीट की गई, जिससे उन्हें चोटें आईं.
ACP ने बताया कि घटना के बाद गुप्ता ने शुरुआत में लिखित बयान दिया था कि वह कानूनी कार्रवाई नहीं चाहते. हालांकि, 13 सितंबर को उन्होंने दोबारा शिकायत दी. शिकायत और अन्य सबूतों की जांच के बाद FIR दर्ज की गई और जरूरी कार्रवाई शुरू की गई.
पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान CCTV फुटेज के आधार पर की गई है. सेक्टर-65 थाने के SHO रामबीर ने इससे पहले बताया था कि घटना में घायल हुए रिटायर्ड IAF ग्रुप कैप्टन का बयान दर्ज करने के लिए पुलिस अस्पताल गई थी. मामले की जांच जारी है.