नयी दिल्ली, 22 नवंबर (भाषा) पूर्वी दिल्ली के पांडव नगर इलाके से अगवा किए गए आठ महीने के बच्चे को उत्तर प्रदेश के एक गांव से सुरक्षित बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने इस मामले में कथित तौर पर परिवार का नाम और विरासत आगे बढ़ाने के लिए एक बेटा चाह रहे एक दंपति समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने रविवार को बताया कि बच्चे को कथित तौर पर उसकी देखभाल करने वाली महिला के पास से उस समय अगवा कर लिया गया जब उसकी मां (एक ई-रिक्शा चालक) काम पर गई हुई थी।
आरोपियों की पहचान मथुरा निवासी ट्रक चालक ऋषिपाल (40), अलीगढ़ जिले के वाजिदपुर गांव निवासी किसान छत्रु (50) और उसकी पत्नी कुसमा (45) के रूप में हुई है।
मंडावली थाने में मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया, ”पूछताछ के दौरान देखभाल करने वाली महिला ने पुलिस को बताया कि वह अपराह्न करीब साढ़े 11 बजे गणेश नगर में कुछ सामान खरीदने गई थी। वहां उसकी मुलाकात एक अज्ञात व्यक्ति से हुई, जो बाद में बच्चे को लेकर चला गया।”
पुलिस ने मामले की जांच के लिए एक टीम गठित की। टीम ने इलाके और भागने के संभावित रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिनमें एक व्यक्ति बच्चे को लेकर भागता दिखाई दिया।
फुटेज की जांच और ऑटो-रिक्शा चालकों से पूछताछ के बाद पुलिस को आरोपी की गतिविधियों का पता अक्षरधाम की ओर मिला।
अधिकारी ने बताया, ”एक मिनी ट्रक की आवाजाही की जांच के दौरान पुलिस ने उसके चालक ऋषिपाल की पहचान की। तकनीकी निगरानी और स्थानीय खुफिया जानकारी से पता चला कि बच्चे को कथित तौर पर वाजिदपुर गांव में दूर के रिश्तेदार छत्रु को सौंपा गया था।”
पुलिस के अनुसार, जांच में पता चला कि छत्रु और कुसमा ने करीब एक साल पहले ही एक लड़का हासिल करने की योजना बनाई थी। दंपति की तीन बेटियां हैं और वे परिवार का नाम तथा विरासत आगे बढ़ाने के लिए बेटा चाहते थे। वे यह भी चाहते थे कि बुढ़ापे में बेटा उनकी देखभाल करे।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ और लंबे तलाशी अभियान के बाद बच्चे को वाजिदपुर गांव से बरामद कर लिया गया। अधिकारी ने कहा, ”अपहरण के 24 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इनमें से किसी का भी पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं रहा है।”
उन्होंने बताया कि जांच की जा रही है।
भाषा
शुभम नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.