नई दिल्ली: मणिपुर के चंदेल जिले में जहरीली शराब पीने से एक दर्जन से ज्यादा लोगों की मौत हो गई और पिछले तीन दिनों में करीब 600 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा. इस मामले में पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है.
इंफाल में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए आबकारी आयुक्त हुंग्यो वोरशांग ने शनिवार को बताया कि 18 नवंबर से अब तक मरने वालों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है. वहीं, करीब 600 अन्य लोगों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. उन्होंने बताया कि पीड़ित और बीमार हुए लोग चंदेल जिले के चकपिकारोंग उप-मंडल और आसपास के इलाकों के रहने वाले हैं.
मणिपुर पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने दिप्रिंट को बताया कि इन मौतों के संबंध में अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया गया है. अधिकारी के मुताबिक, पुलिस का मानना है कि जहरीली शराब चंदेल में नहीं बनाई गई थी, बल्कि इसे काकचिंग जिले के सुगनू से लाया गया था. अधिकारी ने कहा, “जिले में पारंपरिक या देसी शराब बनाने या तैयार करने की कोई जानकारी नहीं है.”
मौतों के मामले में छह लोगों की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए अधिकारी ने कहा कि पुलिस अब “शराब की सप्लाई के पूरे नेटवर्क के स्रोत का पता लगा रही है.”
शराब के नमूनों की जांच की जा रही है
मौतों के मामले में गिरफ्तार किए गए छह लोगों की पहचान सुगनू माखा लीकाई के खैदेम जादुमणि सिंह (57), सुगनू मोइरांगथेम लीकाई के कंगाबम सुरजीत सिंह (40) और कंगाबम रतन सिंह, सुगनू पामांग लीकाई के ईखोई होटल के मालिक खैदेम नाओबा मैतेई (32), आंद्रों खाराम लीकाई के निंगथौजम जॉयकुमार सिंह (45) और आंद्रों चिंगदोंग लीकाई के सगोलसेम दास सिंह (40) के रूप में हुई है.
पहले जिक्र किए गए अधिकारी ने कहा, “शुरुआती रिपोर्ट से पता चलता है कि कंगाबम सुरजीत सिंह ने कथित तौर पर आंद्रों के दास और नगनबी नाम के दो लोगों से शराब खरीदी थी.”
अधिकारी ने आगे कहा, “सुगनू आवांग लीकाई के एक व्यक्ति दारा ने कथित तौर पर नगनबी की ओर से शराब रखी थी, जबकि कंगाबम रतन सिंह ने आंद्रों की लीमा नाम की एक व्यक्ति से शराब खरीदी थी. पुलिस शराब की सप्लाई से जुड़े इन कथित संबंधों की जांच कर रही है.”
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने शराब के जो नमूने इकट्ठा किए हैं, उन्हें आगे की जांच के लिए भेज दिया गया है. चंदेल जिला प्रशासन शराब के संदिग्ध स्रोत का पता लगाने के लिए काकचिंग जिले के अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहा है. जिला अधिकारी पीड़ित परिवारों से भी मिल रहे हैं और उन्हें राहत सामग्री बांट रहे हैं.
राज्य में आबकारी विभाग की सभी प्रवर्तन टीमों को हाई अलर्ट पर रखा गया है. उन्हें अवैध शराब जब्त करने के लिए तुरंत जांच अभियान शुरू करने का निर्देश दिया गया है. इसके तहत राज्यभर में स्थानीय शराब की बिक्री और उत्पादन के सभी ठिकानों से नमूने इकट्ठा किए जाएंगे. इन नमूनों की प्रयोगशाला में जांच की जाएगी, ताकि जहरीले और नुकसान पहुंचाने वाले पदार्थों का पता लगाया जा सके.
इस बीच, चार रैपिड रिस्पॉन्स टीम और एक जिला आपातकालीन प्रतिक्रिया टीम के जरिए मरीजों की निगरानी और इलाज के इंतजाम और तेज कर दिए गए हैं.
मणिपुर के मुख्यमंत्री ने मरीजों से मुलाकात की
मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने शुक्रवार को लम्फेलपत के शिजा अस्पताल और सजीवा के बाबिना अस्पताल का दौरा किया. उन्होंने वहां इलाज करा रहे मरीजों की हालत के बारे में जानकारी ली.
उन्होंने कहा, “शिजा अस्पताल में 140 से ज्यादा मरीज भर्ती थे और बाबिना अस्पताल में 41 से ज्यादा मरीज भर्ती थे. पिछले 48 घंटों में मरने वालों की संख्या 11 हो गई है.”
मुख्यमंत्री ने आगे कहा, “मैंने दोनों अस्पतालों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे मरीजों को हर संभव बेहतर इलाज और जरूरी मदद दें. जनरल मेडिसिन के एक विशेषज्ञ की अगुवाई में डॉक्टरों की एक टीम जरूरी दवाओं के साथ चंदेल जिले के लिए रवाना हो गई है, ताकि वहां इलाज और मरीजों की देखभाल के इंतजाम मजबूत किए जा सकें.”
Chief Minister Shri Yumnam Khemchand Singh today visited Shija Hospitals and Research Institute, Imphal West district, and Babina Hospital, Imphal East district and enquired about the health conditions of persons undergoing medical treatment following the consumption of… pic.twitter.com/2Pjl7cJh1m
— CMO MANIPUR (@CMO_MANIPUR_) November 20, 2026
डॉक्टरों, उपकरणों और दवाओं की कमी
अनल नागा तांगपी (एएनटीए) के प्रमुख पशेल मोनिहरिंग ने दिप्रिंट को बताया कि जांच समिति/विशेष जांच दल (एसआईटी), चंदेल और काकचिंग पुलिस, आबकारी विभाग, स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा विभाग, फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (एफएसएल) और जिला प्रशासन को मिलकर काम करना चाहिए और जांच में तेजी लानी चाहिए.
उन्होंने कहा, “हम मांग करते हैं कि सरकार सभी प्रभावित लोगों के इलाज का पूरा खर्च उठाए. इसमें अस्पताल में भर्ती करने, आईसीयू, दवाओं, जांच, डायलिसिस, आंखों के इलाज, एंबुलेंस और अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद की देखभाल का खर्च शामिल होना चाहिए. अस्पतालों में बिना पैसे दिए इलाज की सुविधा मिलनी चाहिए. जिन परिवारों ने पहले ही इलाज पर पैसा खर्च कर दिया है, उन्हें वह पैसा वापस मिलना चाहिए.”
उन्होंने चंदेल के जिला अस्पताल और चकपिकारोंग के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में विशेषज्ञ डॉक्टरों, नर्सों, कर्मचारियों, उपकरणों और दवाओं की कमी के लिए राज्य सरकार को भी जिम्मेदार ठहराया.
उन्होंने कहा, “इसके चलते गंभीर रूप से बीमार मरीजों को 75 किलोमीटर दूर इंफाल ले जाना पड़ा, जहां इलाज की बेहतर सुविधाएं थीं. इस देरी के कारण और लोगों की जान गई और मरीजों तथा उनके परिवारों को बहुत परेशानी हुई.”
उन्होंने आगे कहा कि आपात स्थिति के बीच गरीब परिवारों को इंफाल में आने-जाने, रहने और इलाज के लिए पैसों का इंतजाम खुद करना पड़ा.
उन्होंने मांग की कि मेडिकल स्टाफ की तुरंत तैनाती की जाए, जीवन बचाने वाली दवाओं, ऑक्सीजन और आईवी फ्लूइड का पर्याप्त इंतजाम किया जाए, आपातकालीन वार्ड को ठीक से चालू रखा जाए और 24 घंटे एंबुलेंस सेवा उपलब्ध कराई जाए. उन्होंने प्रभावित इलाकों में मरीजों की दोबारा जांच के लिए एक अलग मेडिकल टीम बनाने की भी मांग की.
उन्होंने कहा, “किसी मरीज की मौत सिर्फ इसलिए नहीं होनी चाहिए कि स्थानीय अस्पताल में जरूरी सुविधाएं नहीं हैं या उसके परिवार के पास पैसे नहीं हैं.”
(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
यह भी पढ़ें: बिहार के एक विधायक की बेटी की शादी में घुड़दौड़ होगा सबसे बड़ा आकर्षण, विजेता को मिलेगी थार