scorecardresearch
Tuesday, 3 November, 2026
होमदेशएड शीरन ने बताया: कैसे शाहरुख की ‘किंग’ के गाने ‘तू मिल जाए’ का एक हिस्सा लिखा और रिकॉर्ड किया

एड शीरन ने बताया: कैसे शाहरुख की ‘किंग’ के गाने ‘तू मिल जाए’ का एक हिस्सा लिखा और रिकॉर्ड किया

Text Size:

मुंबई, तीन नवंबर (भाषा) ब्रिटिश गायक और गीतकार एड शीरन ने खुलासा किया है कि उन्होंने शाहरुख खान की आगामी फिल्म ‘किंग’ के गाने ‘तू मिल जाए’ में अपना हिस्सा भारत की पिछली यात्रा के दौरान संगीतकार जोड़ी सचिन-जिगर से मुलाकात वाली रात ही लिखा और रिकॉर्ड किया था।

फिल्म के पहले गाने ‘तू मिल जाए’ को सोमवार को शाहरुख खान के 61वें जन्मदिन के अवसर पर जारी किया गया।

इस गाने में अरिजीत सिंह और शीरन ने अपनी आवाज दी है। शीरन ने इसमें एक अंग्रेजी रैप भी किया है। गाने को सचिन-जिगर ने संगीतबद्ध किया है।

शीरन ने ‘इंस्टाग्राम’ पर एक पोस्ट में शाहरुख खान के साथ अपनी पहली मुलाकात को याद करते हुए बताया कि अभिनेता ने उनसे अपनी अगली फिल्म के लिए एक गाना रिकॉर्ड करने को कहा था।

उन्होंने लिखा, ‘‘जब मैं पहली बार शाहरुख से मिला था, तो उन्होंने कहा था कि मुझे उनकी अगली फिल्म के लिए एक गाना बनाना चाहिए और यह मेरा पहला बॉलीवुड गाना भी होना चाहिए।’’

शीरन ने लिखा, ‘‘बीते कुछ वर्षों में हमारी अच्छी जान-पहचान हो गई है और मैं उनसे बहुत प्यार करता हूं। पिछली बार जब मैं भारत आया था, तो मैं उनके घर गया था ताकि वह मेरे और अरिजीत सिंह के लिए ‘सैफायर’ म्यूजिक वीडियो में एक छोटी भूमिका निभा सकें।’’

शाहरुख खान ने शीरन के 2025 में रिलीज हुए गाने ‘सैफायर’ के म्यूजिक वीडियो में काम किया था। इसकी शूटिंग भारत के विभिन्न स्थानों पर हुई थी। अरिजीत सिंह ने भी इस गाने को अपनी आवाज दी थी और इसके म्यूजिक वीडियो में नजर आए थे।

शाहरुख के घर मन्नत में मुलाकात के दौरान अभिनेता ने शीरन का परिचय संगीतकार जोड़ी सचिन-जिगर से कराया था।

शीरन ने लिखा, ‘‘उस दिन उन्होंने मेरा परिचय सचिन-जिगर से कराया और उसी रात मैंने उनकी फिल्म ‘किंग’ के गाने ‘तू मिल जाए’ के लिए अपना हिस्सा लिखा और रिकॉर्ड किया। मुझे खुशी है कि अरिजीत भी इसमें मेरे साथ गा रहे हैं। मेरे सभी पसंदीदा लोग एक ही परियोजना का हिस्सा हैं। ‘किंग’ 24 दिसंबर को रिलीज होगी और ‘तू मिल जाए’ अब सभी जगह उपलब्ध है।’’

सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बनी ‘किंग’ में दीपिका पादुकोण, सुहाना खान और अभिषेक बच्चन सहित कई कलाकार नजर आएंगे।

रेड चिलीज एंटरटेनमेंट ने मार्फ्लिक्स पिक्चर्स के साथ मिलकर इस फिल्म का निर्माण किया है।

भाषा वैभव अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments