मुंबई, 30 अक्टूबर (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह के खिलाफ धन शोधन जांच के तहत महाराष्ट्र और गुजरात में 11 ठिकानों पर छापेमारी की है। एजेंसी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
ईडी की मुंबई क्षेत्रीय इकाई ने बुधवार को मुंबई, नवी मुंबई, सूरत और भावनगर में ये तलाशी अभियान चलाए। इस दौरान क्रिप्टो कारोबारियों के ठिकानों की भी तलाशी ली गई।
एजेंसी ने बताया कि छापेमारी में हाई-एंड स्मार्टफोन, लैपटॉप, डिजिटल स्टोरेज उपकरण, वित्तीय दस्तावेज, बही-खाते और निवेश से जुड़े रिकॉर्ड जब्त किए गए।
ईडी के अनुसार, नवीन चिचकर और धीरज चिचकर अपने सहयोगियों के साथ कथित तौर पर इस गिरोह का संचालन कर रहे थे। जांच मुंबई में स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) द्वारा एनडीपीएस अधिनियम के तहत दर्ज शिकायत पर आधारित है।
एनसीबी की जांच में मुंबई और नवी मुंबई से हाइड्रोपोनिक गांजा, कोकीन और बेहिसाबी नकदी जब्त की गई थी। गिरोह कथित तौर पर कोकीन, हाइड्रोपोनिक गांजा, एलएसडी और भांग से बने खाद्य पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तस्करी करता था।
ईडी के मुताबिक, मादक पदार्थों की बिक्री से मिलने वाली नकदी को विदेशी मुद्रा में बदलकर और चुनिंदा कारोबारों में निवेश कर वैध आय के रूप में दिखाने की कोशिश की गई। क्रिप्टो कारोबारियों के ठिकानों से मिले वॉलेट और डिजिटल संपत्तियों की भी जांच की जा रही है।
एजेंसी ने बताया कि मामले में जांच जारी है।
भाषा राखी नेत्रपाल
नेत्रपाल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.