scorecardresearch
Sunday, 10 May, 2026
होमदेश100 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी जांच में पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा गिरफ्तार, ED की बड़ी कार्रवाई

100 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी जांच में पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा गिरफ्तार, ED की बड़ी कार्रवाई

मनी लॉन्ड्रिंग केस FEMA के तहत चल रही जांच से जुड़ा है. ED का आरोप है कि अरोड़ा की कंपनियों ने फर्जी मोबाइल खरीद और नकली GST क्लेम किए.

Text Size:

नई दिल्ली: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शनिवार को पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा को मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया. एजेंसी सूत्रों ने दिप्रिंट को बताया कि ईडी ने चंडीगढ़ स्थित उनके सरकारी आवास समेत कई जगहों पर छापेमारी के बाद यह कार्रवाई की.

सूत्रों के मुताबिक, यह मनी लॉन्ड्रिंग मामला FEMA (विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम) के तहत संजीव अरोड़ा के खिलाफ चल रही ईडी जांच से जुड़ा हुआ है. इसी मामले में एजेंसी ने पिछले महीने लुधियाना स्थित उनके घर पर भी छापा मारा था.

सूत्रों ने बताया कि पिछले महीने की जांच में पता चला था कि अरोड़ा ने अपनी कंपनी के जरिए 100 करोड़ रुपये से ज्यादा के फर्जी मोबाइल फोन खरीद दिखाए थे.

आरोप है कि अरोड़ा ने अवैध पैसे को सफेद करने के लिए दुबई से भारत में फंड्स का राउंड-ट्रिपिंग किया और उसे एक्सपोर्ट के रूप में दिखाया.

ईडी के एक अधिकारी ने कहा, “पिछले महीने की छापेमारी में कई फर्जी जीएसटी खरीद बिल मिले थे. ये बिल दिल्ली की गैर-मौजूद कंपनियों से लिए गए थे, ताकि फर्जी आईटीसी, जीएसटी एक्सपोर्ट क्रेडिट रिफंड और ड्यूटी ड्रॉबैक का फायदा लिया जा सके.”

पूर्व राज्यसभा सदस्य संजीव अरोड़ा, पंजाब में मुख्यमंत्री भगवंत मान की कैबिनेट में शामिल होने के बाद उद्योग, निवेश प्रोत्साहन और एनआरआई मामलों जैसे अहम विभाग संभाल चुके हैं. पद संभालने के एक महीने के भीतर उन्हें बिजली विभाग की जिम्मेदारी भी दी गई थी.

ईडी की नई छापेमारी के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के कई नेताओं ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है. AAP ने बीजेपी पर केंद्रीय एजेंसियों का राजनीतिक इस्तेमाल करने का आरोप लगाया. ऐसा आरोप विपक्ष शासित दूसरे राज्यों ने भी लगाया है.

भगवंत मान ने ईडी, सीबीआई, आयकर विभाग और चुनाव आयोग को BJP की राजनीति के “औज़ार” बताया.

उन्होंने कहा कि ओडिशा, महाराष्ट्र और पंजाब जैसे राज्यों में भी ऐसी कार्रवाई हुई है.

संगरूर में अपनी शुक्राना रैली के दौरान प्रेस कॉन्फ्रेंस में मान ने कहा, “ईडी की कार्रवाई का मकसद काला धन या दस्तावेज़ ढूंढना नहीं है, बल्कि लोगों पर बीजेपी में शामिल होने का दबाव बनाना है.”

अपने कैबिनेट सहयोगी संजीव अरोड़ा पर हुई छापेमारी का ज़िक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को समझना चाहिए कि पंजाब में इस तरह की रणनीति काम नहीं करेगी.

उन्होंने कहा, “कम समय में अरोड़ा पर तीन बार छापे मारे गए. तब भी कुछ नहीं मिला था और अब भी कुछ नहीं मिलेगा.”

अक्टूबर 2024 में भी अरोड़ा की कंपनी Hampton Sky Realty पर ईडी ने एक अलग मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कार्रवाई की थी. उस समय एजेंसी ने औद्योगिक उपयोग के लिए दी गई जमीन के कथित गलत इस्तेमाल की जांच में कंपनी के ठिकानों पर छापा मारा था.

ईडी का आरोप था कि पंजाब सरकार ने Hampton Sky Realty और अरोड़ा से जुड़ी Royal Industries को कुछ शर्तों के साथ औद्योगिक जमीन आवंटित की थी, लेकिन कंपनियों ने सरकार की मंजूरी के बिना उन जमीनों को बेच दिया और शर्तों का उल्लंघन किया.

(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)


यह भी पढ़ें: हिमाचल की छठी क्लास की किताब में ट्रांसलेशन की गलती, किन्नौर बना ‘ट्रांसजेंडर’, मंडी बना ‘मार्केट’


 

share & View comments