कोलकाता, 13 अक्टूबर (भाषा) अगस्त, 2025 के दौरान चाय का उत्पादन घटकर 17 करोड़ 1.2 लाख किलोग्राम रह गया है, जबकि वर्ष 2024 के इसी महीने में यह 18 करोड़ 44.5 लाख किलोग्राम का हुआ था। चाय बोर्ड के आंकड़ों से यह जानकारी मिली है।
आंकड़ों के अनुसार, अगस्त, 2025 के दौरान असम में उत्पादन 10 करोड़ 44.6 लाख किलोग्राम की तुलना में मामूली रूप से घटकर 10 करोड़ 35.2 लाख किलोग्राम रह गया। पश्चिम बंगाल में भी उत्पादन घटकर चार करोड़ 59 लाख किलोग्राम रह गया, जबकि वर्ष 2024 के इसी महीने में यह पांच करोड़ 60.8 लाख किलोग्राम का हुआ था।
असम और पश्चिम बंगाल को मिलाकर, उत्तर भारत में अगस्त, 2025 के दौरान चाय का उत्पादन घटकर 15 करोड़ 39.9 लाख किलोग्राम रह गया, जबकि वर्ष 2024 के इसी महीने में यह 16 करोड़ 61.5 लाख किलोग्राम का हुआ था।
दक्षिण भारत में, अगस्त, 2025 के दौरान कुल उत्पादन घटकर एक करोड़ 61.3 लाख किलोग्राम रह गया, जबकि अगस्त, 2024 में यह एक करोड़ 83 लाख किलोग्राम का हुआ था।
आंकड़ों के अनुसार, श्रेणीवार, उत्तर भारत में सीटीसी किस्म का उत्पादन अगस्त में घटकर 13 करोड़ 55.9 लाख किलोग्राम रह गया, जबकि 2024 के इसी महीने में यह 15 करोड़ 7.6 लाख किलोग्राम रहा था।
दक्षिण भारत में, सीटीसी चाय का उत्पादन अगस्त में घटकर एक करोड़ 31.3 लाख किलोग्राम रह गया, जबकि पिछले वर्ष के इसी महीने में यह एक करोड़ 54.1 लाख किलोग्राम रहा था।
आंकड़ों के अनुसार, देश में अगस्त में ऑर्थोडॉक्स किस्म का उत्पादन बढ़कर एक करोड़ 92.2 लाख किलोग्राम हो गया, जबकि वर्ष 2024 के इसी महीने में यह एक करोड़ 58.1 लाख किलोग्राम का हुआ था।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.